चंबा। सोने की कीमतें इन दिनों आसमान छू रही हैं। कुछ साल पहले जो सोना निवेश और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता था। वही अब कई परिवारों में विवाद की वजह भी बनने लगा है।
परिवार में हुआ बड़ा विवाद
हिमाचल के चंबा में तो करीब 50 लाख रुपये कीमत के 300 ग्राम सोने को लेकर ऐसा विवाद खड़ा हो गया कि मामला सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। आरोप-प्रत्यारोप, मारपीट और जान से मारने की धमकियों के बीच अब दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवा चुके हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में हिंदू संघर्ष समिति के 2 नेता अरेस्ट : मुस्लिम युवकों से की मा.रपीट, युवती से जुड़ा है मामला
सोने के कारण हुई मारपीट
चंबा शहर में 300 ग्राम सोने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। शहर के मोहल्ला चमेशनी और अपर जुलाहकड़ी के दो परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगा दिए। मामले में सदर थाना चंबा में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
300 ग्राम सोने को लेकर भड़का विवाद
पहले मामले में मोहल्ला चमेशनी निवासी सरोज सामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 5 जून को अपने देवर सुखदेव सामी के घर गई थीं। वहां उन्होंने करीब 300 ग्राम सोना वापस करने की बात कही।
यह भी पढ़ें- 15 जून को शपथ लेंगे प्रधान और उपप्रधान: CM- मंत्री होंगे शामिल, विक्रमादित्य का नाम लिस्ट से बाहर
शिकायत के अनुसार इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया। सरोज सामी का आरोप है कि इस दौरान अपर जुलाहकड़ी निवासी कशिश सामी ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
दूसरा पक्ष भी पहुंचा थाने
विवाद के बाद दूसरा पक्ष भी पुलिस के पास पहुंच गया। अपर जुलाहकड़ी निवासी सोनिया सामी ने शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि 5 जून को सरोज सामी अचानक उनके घर पहुंचीं और उनके ससुर के साथ झगड़ा करने लगीं।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू को हाईकोर्ट से करारा झटका: हिमकेयर योजना के फैसले पर लगाई रोक, मांगा जवाब
सोनिया सामी का कहना है कि जब उन्होंने और उनके बेटे ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला किया गया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं।
पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR
दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाब से चल रहा चिट्टा नेटवर्क ध्वस्त : 19 गिरफ्तार, पुलिस रडार पर 184 लोग
कौन सही-कौन गलत?
जांच का मुख्य केंद्र 300 ग्राम सोने को लेकर लगाए गए आरोप हैं, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोने को लेकर वास्तविक विवाद क्या था और आरोपों में कितनी सच्चाई है।
SP ने की मामले की पुष्टि
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
