कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब घर के कमाऊ बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जिस ट्रैक्टर को चलाकर युवक अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, उसी ट्रैक्टर के नीचे दबकर उसकी जिंदगी खत्म हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के घर मातम पसरा हुआ है।
सुबह-सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा आज रविवार सुबह करीब 7:45 बजे भुंतर क्षेत्र के रेरी रोड पर हुआ। लोअर बजौरा निवासी पवन अपने ट्रैक्टर के साथ जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। वाहन पलटते ही चालक उसके नीचे दब गया और उसे संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह
मौके पर ही चली गई युवक की जान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकालने का प्रयास किया, मगर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घर के इकलौते सहारे की मौत से बिखरा परिवार
बताया जा रहा है कि पवन ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। जिसने भी इस हादसे की खबर सुनी, वह स्तब्ध रह गया।
यह भी पढ़ें : हाद*से ने रुलाया हिमाचल: मां के सीने से लिपटी मिली 6 माह की मासूम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है कि आखिर ट्रैक्टर किस वजह से अनियंत्रित होकर पलट गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने HRTC से गिरफ्तार किया युवक, माचिस की डिब्बी में भरा था चिट्टा
एक पल में उजड़ गई परिवार की दुनिया
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर करता है। कुछ ही क्षणों में एक परिवार ने अपना कमाऊ बेटा खो दिया और जिस ट्रैक्टर के सहारे घर का खर्च चलता था, वही उसके लिए काल बन गया।
