कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर हुए इस भीषण दुर्घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक पर्यटक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और कई मीटर नीचे पार्वती नदी के किनारे जा पहुंचा। हादसा इतना भयावह था कि खाई में गिरते ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल का दृश्य देखकर लोगों की रूह कांप गई।

तीन पर्यटकों की मौत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत होने की प्रारंभिक सूचना है। जबकि एक आठ वर्षीय बच्ची सहित तीन लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा.तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।

मणिकर्ण से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर का पर्यटक वाहन मणिकर्ण से भुंतर की ओर जा रहा था। जब वाहन सरसाड़ी क्षेत्र के पास पहुंचा तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन कई बार पलटते हुए नीचे जा गिरा और अंततः पार्वती नदी के किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में जाकर रुका। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।

 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 24 घंटे फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 5 जिलों में होगी भारी बारिश -तूफान

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई में उतरकर घायल यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिस और आपातकालीन दल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायलों तक पहुंचकर उनकी मदद शुरू कर दी थी।

2 की मौत, घायलों की हालत गंभीर

दुर्घटना में 2 पर्यटकों की मौत हो गई। वहीं 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए भुंतर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें : IND vs AFG: वनडे मैच पर बारिश का साया, इंद्रुनाग के दर पहुंचे अनुराग संग HPCA; मांगा आशीर्वाद

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में भी लगी हुई है।

नोट: इस खबर की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरी जानकारी मिलने के बाद इसे अपडेट कर दिया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें