शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में रविवार रात एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुआ हादसा पूरे इलाके को शोक में डुबो गया। कुलगांव में आयोजित देव कार्यक्रम के बीच हवाई फायरिंग के दौरान चली गोली एक महिला को जा लगी- जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 देव अनुष्ठान में देवलुओं ने चलाई गोली 

जानकारी के अनुसार, परंपरा के तहत देवता के अनुष्ठान में देवलू (देवता के कारदार और स्थानीय लोग) हवाई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक गोली 26 वर्षीय रितिका को लग गई। वह मौके पर ही गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में सड़क पार कर रहा था शख्स : तेज रफ्तार बाइक ने रौंदा, मौके से फरार हुआ युवक

दो मासूमों ने खोई मां

रितिका के दो छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के समय वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई।

 

महिला को लगी गोली

ऐसे आयोजनों में कई लोग अपनी-अपनी बंदूकें लेकर पहुंचते हैं और उत्सव के दौरान फायरिंग करते हैं, जिससे जिम्मेदारी तय करना चुनौती बन जाता है। देव अनुष्ठान के दौरान तलवार, खुखरी और पारंपरिक हथियारों के साथ नृत्य भी किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर लौट रहे दो भाइयों को महिला कार चालक ने कुचला- एक की मौ*त, दूसरा घायल

पूरे क्षेत्र में फैला शोक

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चिड़गांव थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहड़ू अस्पताल लाया जा रहा है। हालांकि, देव आस्था से जुड़े इस आयोजन में हुए हादसे पर अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

मातम में बदली खुशियां

इसी आयोजन के दौरान एक भव्य धार्मिक दृश्य भी देखने को मिला- जहां शालू महाराज कूपड़ी मेलटी और शालू महाराज कुलगांव का ऐतिहासिक “भाई-भाई मिलन” हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर मौजूद थे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ था, लेकिन इस हादसे ने खुशी को मातम में बदल दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: किराए के मकान में लूटी लड़की की इज्जत- पेट दर्द से खुला राज, आरोपी की तलाश में पुलिस

प्रशासन की लोगों से अपील

यह घटना एक बार फिर धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे कार्यक्रमों में हथियारों का प्रदर्शन और हवाई फायरिंग से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें