रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। किन्नौर जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के बाजार क्षेत्र में सुबह-सवेरे एक छोटी बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया।

कुत्तों का झुंड का बच्ची पर हमला

यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो देखकर इलाके के लोगों के होश उड़ गए हैं। आवारा कुत्तों के आतंक को देखकर लोग काफी डरे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी स्कूल में घुसे चोर- बच्चों के राशन से बनाई खिचड़ी; बर्तन और गैस बर्नर लेकर फरार

पैदल चल रही थी 5 वर्षीय मासूम

जानकारी के अनुसार, करीब पांच वर्षीय बच्ची सुबह के समय सड़क किनारे से गुजर रही थी। उसी दौरान वहां बैठे आवारा कुत्तों में से एक कुत्ता अचानक उसकी ओर दौड़ा और हमला कर दिया। देखते ही देखते अन्य कुत्ते भी आक्रामक हो गए और बच्ची को घेर लिया।

बच्ची को कुत्तों ने घसीटा

कुत्ते बच्ची को घसीटने लगे। बच्ची खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन कुत्तों का झुंड लगातार उसके आसपास मंडराता रहा। स्थिति गंभीर होती देख स्थानीय निवासी मोहर सिंह उर्फ मोरू तुरंत मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : लिव-इन पार्टनर ने नंबर किया ब्लॉक, दुखी प्रेमिका ने निगला ज*हर; 3 साल से रहते थे साथ

मसीहा बन पहुंचा युवक

उन्होंने बिना देर किए डंडे की मदद से कुत्तों को भगाया और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता और साहस के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। आसपास मौजूद लोगों ने भी उनके इस कदम की सराहना की है।

लोगों को सता रहा डर

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में जिले के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। खासकर सुबह और देर शाम के समय लोगों को पैदल आने-जाने में डर का सामना करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गर्मी के बीच तेज बारिश का अलर्ट जारी : कई जिलों में आएगा तूफान, ओले भी बरसेंगे

लोगों ने प्रशासन से की मांग

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि नियमित नसबंदी अभियान, टीकाकरण और विशेष टीमों की तैनाती से इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें