#अपराध
June 10, 2026
हिमाचल के सरकारी स्कूल में घुसे चोर- बच्चों के राशन से बनाई खिचड़ी; बर्तन और गैस बर्नर लेकर फरार
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस टीम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजघानी शिमला के एक सरकारी स्कूल में हुई चोरी की वारदात ने सभी को हैरान कर दिया है। यहां चोर सिर्फ सामान चुराने नहीं आए, बल्कि उन्होंने पहले आराम से बच्चों के मिड-डे मील के राशन से खिचड़ी बनाई।
खिचड़ी से पहले पेट भरा और फिर स्कूल के बर्तन और अन्य सामान समेटकर चलते बने। इस अजीबोगरीब घटना ने स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी चिंता में डाल दिया है।
मामला शिमला के शिवपुरी स्थित सरकारी स्कूल का है। जानकारी के अनुसार, सरकारी अवकाश के दौरान चोर स्कूल परिसर में घुस गए। उन्होंने बच्चों के लिए रखे गए मिड-डे मील के राशन का इस्तेमाल किया और पतीले में खिचड़ी बनाकर खाई।
खिचड़ी खाने के बाद चोर स्कूल से तीन थालियां, दो पतीले, एक डिनर सेट, गैस बर्नर और एक कढ़ाई भी अपने साथ ले गए। सुबह जब स्कूल स्टाफ पहुंचा तो सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही छोटा शिमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवपुरी क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है। वहीं स्कूल में चारदीवारी का अभाव भी सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों को परिसर में प्रवेश करना आसान हो जाता है।
खलीनी स्कूल के प्रधानाचार्य और क्लस्टर हेड अजय वशिष्ठ ने मौके का निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विचार किया जाएगा।