ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन स्कूल गई दो मासूम सगी बहनें अपने ही स्कूल की बस की चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक नन्हीं बच्ची की मौत हो गई] जबकि दूसरी बहन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और दुख का माहौल है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां ऊना के रक्कड़ कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थीं। सोमवार को नए सत्र के पहले दिन दोनों बहनें उत्साह के साथ स्कूल गई थीं। छुट्टी के बाद जब स्कूल बस उन्हें घर के पास रैंसरी क्षेत्र में उतारकर आगे बढ़ने लगी] उसी दौरान अचानक यह दर्दनाक हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें : अनुराग शर्मा से छिन सकती है राज्यसभा सीट! करोड़ों की संपत्ति छिपाने की आयोग के पास पहुंची शिकायत
बस पीछे लेते समय चपेट में आईं बच्चियां
बताया जा रहा है कि बच्चियों को बस से उतारने के बाद चालक वाहन को पीछे की ओर मोड़ रहा था। इसी दौरान दोनों मासूम बस के बेहद करीब आ गईं और देखते ही देखते बस की चपेट में आ गईं। कुछ ही पलों में खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
यह भी पढ़ें : हिमाचल को चला रही CM की 'मित्र मंडली', जयराम ठाकुर ने खोला सुक्खू सरकार का कच्चा चिट्ठा!
अस्पताल ले जाते समय टूट गई एक मासूम की सांस
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन वर्षीय आश्वि की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्य से अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। वहीं पांच वर्षीय बड़ी बहन प्रिशा का उपचार अभी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जारी है।
यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद: 3 मंजिलें गिराई, अब 2 मंजिलों की बारी! हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी नजरें
पूरे इलाके में पसरा शोक
इस दर्दनाक घटना के बाद रैंसरी और आसपास के क्षेत्रों में गहरा मातम छा गया है। लोगों का कहना है कि सुबह जिन मासूम बच्चियों को खुशी-खुशी स्कूल जाते देखा गया था, शाम होते-होते उसी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे ने हर किसी को भावुक कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में थोड़ी सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है।
