मंडी। देवभूमि हिमाचल की घुमावदार और पहाड़ी सड़कों पर आए दिन दर्दनाक सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसे भयावह हादसे भी देखने को मिलते हैं, जहां वाहन पूरी तरह तबाह हो जाता है और उसमें सवार व्यक्ति चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकलता है।

 

ऐसा ही एक मामला अब हिमाचल के मंडी जिला से सामने आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।

देवधार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मंडी जिले के सराज क्षेत्र के सलाहर गांव निवासी टेक चंद देर रात देवधार से अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी कार गलेंडी-देवधार सड़क मार्ग पर गलेंडी के समीप पहुंची, तभी अचानक वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़कती चली गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : ट्रैकिंग के लिए निकले 10 लोग, नाला पार करते समय बहा टीम लीडर; अगले दिन मिली देह

खाई में गिरते ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब 300 फीट गहरी खाई में कई बार पलटती हुई नीचे जा गिरी। हादसे के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की हालत देखकर किसी को भी यकीन नहीं हो रहा था कि उसमें सवार व्यक्ति जीवित बच सकता है।

ग्रामीण बने फरिश्ता, समय रहते बचाई जान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। अंधेरे और दुर्गम इलाके के बावजूद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। हादसे में उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।

यह भी पढ़ें : हाद*से ने रुलाया हिमाचल: मां के सीने से लिपटी मिली 6 माह की मासूम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

लोग बोले- यह किसी चमत्कार से कम नहीं

घटना के बाद स्थानीय लोग भी हैरान हैं। उनका कहना है कि जिस तरह कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है, उसे देखकर चालक का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस ने HRTC से गिरफ्तार किया युवक, माचिस की डिब्बी में भरा था चिट्टा

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं वाहन चालकों से भी विशेषकर रात के समय पहाड़ी और संकरी सड़कों पर धीमी गति और सावधानी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें