शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक प्राइमरी स्कूल पर पहाड़ से बड़ी चट्टान लुढ़ते हुए आ गिरी। यह चट्टान स्कूल की छत को चीरते हुए सीधे अंदर कमरे में आ गिरी। जिससे पूरा कमरा ही धराशायी हो गया। इस हादसे को देख लोगों की रूह तक कांप गई। गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल बंद था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। 

 

यह हादसा राजधानी शिमला के ठियोग उपमंडल में रविवार को हुआ। बताया जा रहा है कि क्यार पंचायत के नमाना वार्ड में स्थित प्राथमिक स्कूल के पास चल रहे खनन कार्य के दौरान पहाड़ी से एक विशाल चट्टान अचानक लुढ़ककर स्कूल पर आ गिरी। इस घटना से स्कूल के साथ चल रहा आंगनवाड़ी केंद्र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि प्राथमिक विद्यालय भवन को भी नुकसान पहुंचा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी: 600 पदों पर शुरू हुई भर्ती, यह है आवेदन की अंतिम तिथि

पहाड़ी से सीधे स्कूल की छत पर गिरी चट्टान

स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल के ठीक ऊपर की पहाड़ी पर खनन गतिविधियां जारी थीं। इसी दौरान ढलान से एक भारी पत्थर खिसककर तेजी से नीचे आया और सीधे स्कूल परिसर में जा गिरा। चट्टान की चपेट में आने से एक कमरे में चल रहा आंगनवाड़ी केंद्र पूरी तरह से टूट गया। इसके साथ ही पास स्थित प्राथमिक विद्यालय की इमारत को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

स्कूल में पढ़ते हैं 26 बच्चे

जानकारी के मुताबिक इस आंगनवाड़ी केंद्र में करीब छह बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि प्राथमिक विद्यालय में 20 से अधिक छात्र पढ़ाई करते हैं। राहत की बात यह रही कि घटना रविवार को हुई, जिस दिन स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहते हैं। अगर यह हादसा स्कूल समय में होता तो बच्चों और स्टाफ की जान को गंभीर खतरा हो सकता था और बड़ी त्रासदी हो सकती थी।

 

यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद: 3 मंजिलें गिराई, अब 2 मंजिलों की बारी! हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी नजरें

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का दौरा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम ठियोग के निर्देश पर इलाके में चल रहे खनन कार्य पर तुरंत रोक लगा दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर नायब तहसीलदार, प्राथमिक शिक्षा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी ;सीडीपीओद्ध भी पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास के क्षेत्र की भी जांच की और भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल को चला रही CM की 'मित्र मंडली', जयराम ठाकुर ने खोला सुक्खू सरकार का कच्चा चिट्ठा!

 

स्थानीय लोगों ने भी पहाड़ी के पास खनन गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि आबादी और शैक्षणिक संस्थानों के समीप इस तरह के कार्य बेहद जोखिम भरे हैं। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने खनन गतिविधियों को रोककर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें