कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भनियार निवासी 32 वर्षीय युवक विकास कुमार का शव गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर गहरी खाई में पड़ा मिला है।
मासूम बेटियों ने खोया पिता
विकास की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उसके पीछे पत्नी, दो छोटी बेटियां और मां हैं। उसकी छोटी बेटी अभी महज दो महीने की है, जबकि दूसरी बेटी की उम्र दो साल है। परिवार के लिए यह दुख इसलिए भी असहनीय है, क्योंकि करीब आठ महीने पहले ही विकास के पिता का निधन हुआ था।
यह भी पढ़ें- किस बात की है जल्दी! नवंबर में होने जा रहा विधानसभा का विंटर सेशन- CM ने बताई वजह
क्या हुआ विकास के साथ?
जानकारी के अनुसार, विकास कुमार पुत्र स्वर्गीय हरि दास नगरोटा सूरियां में फोरलेन निर्माण कार्य से जुड़ी एक कंपनी में नौकरी करता था। दशहरा मनाने के लिए वह अपने घर आया हुआ था। बुधवार सुबह वह रोजमर्रा की तरह काम के सिलसिले में नगरोटा सूरियां जाने के लिए घर से निकला था।
परिजनों को कैसे चला पता?
हालांकि, वह निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने उसके मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन का जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उसकी तलाश शुरू की गई।
यह भी पढ़ें- CM सुक्खू के कार्यक्रम से पहले अनहोनी, युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणी की मौ*त- भरमौर से टिकट के थे दावेदार
मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश
विकास की तलाश के दौरान मोबाइल फोन की लोकेशन गांव के आसपास ही मिल रही थी। इससे परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई। परिवार के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने दिनभर आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की।
कब और कहां मिला शव?
हर गुजरते घंटे के साथ उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद बनी हुई थी, लेकिन देर रात चमडेरा गांव के पास एक गहरी खाई में उनका शव बरामद हुआ। शव के नजदीक ही विकास की क्षतिग्रस्त बाइक और हेलमेट भी मिले। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक सहित खाई में गिरने के कारण यह हादसा हुआ होगा।
यह भी पढ़ें : रिश्तों की परीक्षा पर खरी उतरी राधा, छोटी बहन को दी किडनी- 12 घंटे चली सर्जरी
हालांकि, दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और युवक बाइक समेत खाई में कैसे गिरा, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किन कारणों से हुई। फिलहाल इस घटना ने परिवार और क्षेत्र के लोगों को शोक में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : सुबह-सवेरे कुत्ता घुमाने निकले फौजी को मारी गो**ली- आरोपी मौके से फरार
आठ महीने पहले पिता को खोया
विकास कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब आठ महीने पहले उनके पिता का निधन हो गया था। विकास अपने परिवार के लिए कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी और दो छोटी बेटियों के सामने अब भविष्य की बड़ी चुनौती है। दो महीने की बच्ची अभी पिता की गोद और उनके स्नेह को समझने की उम्र में भी नहीं पहुंची है, जबकि दो साल की बेटी को शायद अभी इस बात का एहसास भी नहीं कि उसके पिता अब कभी घर नहीं लौटेंगे।
अब परिवार का सहारा भी छिना
विकास की मां ने पहले पति को खोया और अब बेटे की मौत का दुख झेलना पड़ रहा है। परिवार पर एक के बाद एक आए इन दुखों ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है। जिस घर से विकास काम पर जाने के लिए निकले थे, वहां देर रात उनकी मौत की खबर पहुंची तो खुशियों और सामान्य दिनचर्या की जगह मातम ने ले ली।
