#उपलब्धि

January 28, 2025

हिमाचल का लाल वीर पदक से सम्मानित, खुद की परवाह किए बिना बचाई थी कई जिंदगियां

विंग कमांडर अंकित सूद वायु सेना वीरता पदक से सम्मानित

शेयर करें:

Wing Commander Ankit Sood

शिमला। हिमाचल प्रदेश में वीर जवानों ने देवभूमि और वीरभूमि के नाम से जाने जाने वाले हमारे राज्य का सीना हर समय चौड़ा किया है। इसी कड़ी में एक और नाम इसमें जुड़ चुका है। विंग कमांडर अंकित सूद को उनकी असाधारण साहसिकता और वीरता के लिए वायु सेना वीरता पदक से सम्मानित किया गया है।

जान पर खेल गए अंकित

अंकित सूद ने एक महत्वपूर्ण मिशन के दौरान अत्यधिक जोखिम उठाते हुए अपनी जान पर खेलकर कई लोगों की जान बचाई। उनकी बहादुरी और दृढ़ निश्चय ने उन्हें इस पुरस्कार के योग्य बना दिया। यह सम्मान ना केवल उनकी व्यक्तिगत वीरता का प्रतीक है, बल्कि भारतीय वायु सेना के अद्वितीय समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को भी दर्शाता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला की तबीयत नहीं रहती थी ठीक, परेशान हो समाप्त किया जीवन

वायु सेना पदक से सम्मानित

आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस 2024 की पूर्व संध्या पर शिमला निवासी विंग कमांडर अंकित सूद को वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 2023 में हिमाचल प्रदेश में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान असाधारण साहस और निष्ठा का परिचय देने के लिए दिया गया।

खुद की नहीं की परवाह

विंग कमांडर सूद ने कठिन परिस्थितियों में ना केवल दर्जनों लोगों की जान बचाई बल्कि अपने अद्वितीय कुशलता और सेवा भावना से देश का गौरव बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने खुद की जान की भी परवाह नहीं की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल से महाकुंभ के लिए निकली थी बस, हाइड्रा से हुई टक्कर; मची चीख-पुकार

कहां से की पढ़ाई?

अंकित सूद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शिमला के शेलेडे स्कूल से की और 12वीं तक की पढ़ाई दयानंद पब्लिक स्कूल से 2004 में पूरी की। उसी साल उन्होंने NDA की परीक्षा पास कर अपने सेना में जाने के सपने को साकार किया। 2007 में वायु सेना में प्रशिक्षण शुरू करने के बाद 2008 में फ्लाइंग ब्रांच के पायलट के रूप में उन्होंने सेवाएं प्रारंभ कीं। अंकित सूद की मां बृज सूद शिमला नगर निगम की पार्षद रह चुकी हैं। अंकित के पिता सुरेश सूद ने बताया कि उन्होंने हमेशा ही अंकित को उसका सपना पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

बाढ़ में राहत और बचाव अभियान

आपको बता दें कि 24 अगस्त 2023 को अंकित को जम्मू से कुल्लू और मंडी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जिम्मा सौंपा गया। खराब मौसम, खतरनाक पहाड़ी इलाके और घने बादलों के बीच, उन्होंने कुल्लू से PGI चंडीगढ़ तक 12 गंभीर मरीजों को सुरक्षित पहुंचाने का साहसिक कार्य किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के वो देवता महाराज- जिनका भगवान राम की बड़ी बहन से हुआ था विवाह

बचाई कई लोगों की जान

इसके अलावा, मंडी जिले में उन्होंने राहत सामग्री पहुंचाने और बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए 68 से अधिक महत्वपूर्ण मिशन पूरे किए। चार दुर्गम गांवों में गैर-मानक लेंडिंग स्थलों पर हेलीकॉप्टर उतारना उनकी कुशलता और निर्णय लेने की क्षमता को दर्शाता है। इस दौरान उन्होंने 34,000 किलोग्राम से अधिक राहत सामग्री सुरक्षित पहुंचाई।

प्रशंसा और प्रेरणा का स्रोत

विंग कमांडर अंकित सूद MI-17-1V हेलीकॉप्टर यूनिट में तैनात हैं और अब तक 10 प्रकार के हेलीकॉप्टरों पर 2,100 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव रखते हैं। उनके प्रयासों ने हिमाचल और पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनका यह योगदान ना केवल भारतीय वायु सेना के साहस को दिखाता है, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख