#उपलब्धि
April 2, 2025
PNB में बतौर कृषि अधिकारी सेवाएं देंगी विशानी

ऊना। हिमाचल प्रदेश की होनहार बेटियां हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान, बैंकिंग, सेना, कला और उद्यमिता—हर क्षेत्र में हिमाचल की बेटियों ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। उनकी सफलता न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इसी कड़ी में ऊना जिले के गुरुसर मोहल्ला की बेटी विशानी ठाकुर ने भी अपनी सफलता की एक नई कहानी लिखी है।
विशानी ठाकुर ने IBPS की परीक्षा उत्तीर्ण कर बड़ी अफसर बन गई हैं। विशानी का चयन PNB में बतौर कृषि अधिकारी ग्रेड-1 के रूप में हुआ है। विशानी की इस सफलता से उनके पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। अब विशानी को एक महीने की ट्रेनिंग के लिए पंचकूला, बेंगलुरु या फिर दिल्ली जाना पड़ेगा। ट्रेनिंग के बाद विशानी PNB में बतौर कृषि अधिकारी अपनी सेवाएं देंगी।
विशानी ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई DAV स्कूल ऊना से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने BSC. फॉरेस्ट्री एवं MSC. स्टेटिक्स वाईएस परमार यूनिवर्सिटी नौणी (सोलन) से की। विशानी को BSC. और MSC. में बेहतर उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।
विशानी के पिता डॉ. विजय ठाकुर आयुष विभाग में उपमंडलीय आयुष अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। विशानी की मां अनीता ठाकुर गृहिणी हैं। विशानी के माता-पिता ने बताया विशानी पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी अग्रणी रहती थी। उन्होंने बताया कि विशानी ने अपने लक्ष्य को पाने के लिए दिन-रात मेहनत की है। उसके लिए यह सफलता पाने तक का सफर आसान नहीं था। विशानी की इस उपलब्धि से वो बहुत खुश हैं। विशानी ने ये उपलब्धि हासिल कर हमारा सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
विशानी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने अपने माता-पिता का सपना साकार किया है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत करके कोई भी बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। इतिहास गवाह है कि जिन लोगों ने निरंतर परिश्रम किया, वे असंभव लगने वाले लक्ष्यों को भी प्राप्त करने में सफल रहे।