#उपलब्धि
May 28, 2025
हिमाचल की बेटी वंशिका का UPSC में कमाल, देशभर में हासिल किया 15वां रैंक
वंशिका ने इंजीनियर पिता का सीना किया चौड़ा
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला अंतर्गत सुजानपुर उपमंडल की प्रतिभाशाली बेटी वंशिका सूद ने अपने कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण से भारतीय वन सेवा परीक्षा 2024 में देशभर में 15वां स्थान हासिल कर प्रदेश और परिवार का नाम रोशन किया है।
वंशिका सूद की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से उनके क्षेत्र में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। वंशिका सूद सुजानपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 की निवासी हैं। UPSC द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा की यह प्रतिष्ठित परीक्षा वर्ष 2023 के 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित की गई थी। इसके बाद व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) का चरण 21 अप्रैल से 2 मई, 2024 के मध्य संपन्न हुआ, जिसमें वंशिका ने अपनी उत्कृष्ट उपस्थिति और ज्ञान से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
वंशिका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा DAV स्कूल सलासी, हमीरपुर से पूरी की। विज्ञान में गहरी रुचि होने के कारण उन्होंने इसके बाद भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), भोपाल, मध्यप्रदेश से BS-MS की संयुक्त डिग्री हासिल की।
शिक्षा के दौरान ही उन्होंने वन सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण और प्रकृति संरक्षण से जुड़े क्षेत्र में करियर बनाने का निर्णय लिया और उसी दिशा में निरंतर परिश्रम करते हुए यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
वंशिका के पिता मुकेश सूद एक इंजीनियर हैं। जबकि, माता चंदन सोनी एक सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। परिवार का शैक्षणिक वातावरण शुरू से ही वंशिका के विकास में सहायक रहा। वंशिका ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापकों, मौसा-मौसी तथा पूरे परिवार को दिया है जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया और प्रेरणा दी।
वंशिका की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार और सुजानपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनके माता-पिता ने बेटी की इस सफलता को हिमाचली युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि यह साबित करता है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।
यह सफलता न केवल वंशिका के व्यक्तिगत परिश्रम की मिसाल है, बल्कि प्रदेश की बेटियों के लिए भी एक नई दिशा और हौसले की कहानी बन गई है। आने वाले समय में वंशिका भारतीय वन सेवा में देश की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देंगी, यह उम्मीद पूरे हिमाचल को है।