#उपलब्धि
September 24, 2025
योगी-भगवंत मान से भी आगे निकले सुक्खू : ऐसा करने वाले देश के पहले CM बने
CM सुक्खू को मिला इंटरनेशनल सम्मान
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वो काम कर दिखाया है, जिसे सीएम योगी, भगवंत मान या देश का कोई अन्य मुख्यमंत्री आज तक नहीं कर पाए हैं। दरअसल, सीएम सुक्खू ने लंदन स्थित हाउस ऑफ लॉर्ड्स को संबोधित कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
बतौर रिपोर्टर्स, सीएम सुक्खू ऐसा करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। सीएम सुक्खू को यह मौक़ा लन्दन में इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम द्वारा आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान मिला, जहाँ मुख्यमंत्री ने बतौर कीनोट स्पीकर वैश्विक निवेशकों को संबोधित किया।
इस दौरान सीएम सुक्खू को लीडरशिप एंड गवर्नेंस अवार्ड से भी नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें हिमाचल प्रदेश में उनके दूरदर्शी नेतृत्व और परिवर्तनकारी नीतियों के लिए प्रदान किया गया।
अपने भाषण में सीएम ने निवेशकों को हिमाचल प्रदेश की विशाल संभावनाओं से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि राज्य स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाओं और डेटा भंडारण जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा और जलविद्युत उत्पादन में पहले ही अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यूरोपीय तकनीक व भारतीय आकांक्षाएं मिलकर इस क्षेत्र में नए मील के पत्थर स्थापित कर सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के सेब पहले ही एक ग्लोबल ब्रांड बन चुके हैं। अब प्रदेश सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्राकृतिक खेती और डेयरी क्षेत्र में राज्य की नई नीतियों ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है।
सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार “व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल” के विज़न पर कार्य कर रही है। यह केवल नारा नहीं बल्कि एक दीर्घकालिक सोच है, जिसे जनता के सहयोग से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने यूरोपीय निवेशकों को स्वास्थ्य, जैविक उत्पादों और सस्टेनेबल लिविंग के क्षेत्र में साझेदारी के लिए आमंत्रित किया।
सीएम ने विश्वास दिलाया कि हिमाचल आने वाले निवेशकों को न केवल व्यावसायिक अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें स्थिरता, भरोसे और साझा मूल्यों पर आधारित मज़बूत साझेदारी का अनुभव भी होगा।