#उपलब्धि
June 11, 2025
हिमाचल : B.COM की टॉपर बनी बिजनेसमैन की बेटी, हासिल किया 7वां रैंक- CA बनने का है सपना
सनबी को हमेशा मिला परिवार का सहयोग
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल में बीते कल जारी हुए B.COM अंतिम वर्ष की परीक्षा परिणाम में बेटियों ने बेटों को पछाड़ दिया है। BCOM. अंतिम वर्ष के परिणाम में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरिट सूची में वर्चस्व कायम किया है। कुल परिणाम 97.56 प्रतिशत रहा- जो BCOM. जैसे प्रतिस्पर्धी पाठ्यक्रम में उल्लेखनीय उपलब्धि है।
इस कड़ी में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय सुजानपुर की छात्रा सनबी जैन ने पूरे प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त कर अपने क्षेत्र और महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। सनबी की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पित मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
सनबी जैन एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता एक व्यवसायी हैं और माता एक गृहिणी हैं। परिवार का सहयोग और प्रेरणा हमेशा उनके साथ रहा है। उनकी यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, समय प्रबंधन और शांत चित्त से की गई पढ़ाई का परिणाम है।
उनका सपना है कि वह भविष्य में एक चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) बनें और वह इसके लिए अभी से पूरी लगन से तैयारी में जुट गई हैं। सनबी का मानना है कि पढ़ाई को कभी बोझ नहीं समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे हर दिन नियमित रूप से पढ़ाई करती हैं और कभी भी किसी विषय या टॉपिक को टालती नहीं हैं।
परीक्षा के दौरान उन्होंने अपने ऊपर अनावश्यक दबाव नहीं डाला बल्कि शांत मन से पूरे आत्मविश्वास के साथ तैयारी की। उनका कहना है कि जब हम दैनिक रूप से अनुशासित होकर पढ़ाई करते हैं, तो परीक्षा के समय घबराने की कोई जरूरत नहीं रहती।
अपने अनुभव साझा करते हुए सनबी ने बताया कि किताबों को सिर्फ रटने के बजाय गहराई से समझना जरूरी है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी यही संदेश दिया कि अगर आप पढ़ाई को तनाव की बजाय एक अवसर की तरह लेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी।
कॉलेज की प्राचार्य विभा ठाकुर सहित सभी प्राध्यापकों ने सनबी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। उन्होंने कहा कि सनबी जैसे मेहनती छात्र-छात्राएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। सनबी जैन का मानना है कि आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर प्रयास से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनकी यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक गर्व का क्षण है।