#उपलब्धि
February 25, 2025
बिना कैश लिए मुसाफिरों को मंजिल तक पहुंचाने वाले हिमाचल के पहले कंडक्टर बने संदीप
हरिद्वार-मणिकरण रूट पर बना दिया 100% कैशलेस बुकिंग का रिकॉर्ड
शेयर करें:

नाहन। डिजिटल लेनदेन के अपने फायदे हैं। आप अपनी वॉलेट भले ही घर पर भूलकर आए हों, फिर भी चिंता की कोई बात नहीं। मोबाइल फोन है न। इन्हीं फायदों को देखकर HRTC ने अपनी बसों में ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा दिया है। ऑनलाइन बुकिंग की इस खासियत को लोगों तक पहुंचाकर नाहन के संदीप गौड़ प्रदेश में HRTC के ऐसे पहले कंडक्टर बन गए हैं, जिन्होंने बिना कैश लिए सारे मुसाफिरों को मंजिल तक पहुंचा दिया। संदीप ने हरिद्वार-मणिकरण बस सेवा में 100% कैशलेस बुकिंग का रिकॉर्ड बनाया है।
संदीप अपने सोशल मीडिया पेज के जरिए HRTC से संबंधित सूचनाएं भी यात्रियों तक पहुंचाते है। खुद संदीप को भी नहीं पता था कि उन्होंने कितनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जब वह HRTC के कैश काउंटर पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि 100% ऑनलाइन बुकिंग होने से उनके रूट पर सभी यात्रियों के टिकट के पैसे तुरंत खाते में पहुंच चुके हैं।
मुसाफिरों के ऑनलाइन बुकिंग करने से टिकट के पैसे HRTC के बैंक खाते में तुरंत पहुंच जाते हैं। इसके कई फायदे हैं- जैसे निगम को रोजाने की कमाई तुरंत पता चल जाती है। वहीं, कंडक्टरों द्वारा कैश जमा कराने से HRTC के खाते में तीन दिन बाद पहुंचते हैं। इसके अलावा, कैश काउंटर कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी यह एक जिम्मेदारी होती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सुक्खू सरकार के इस कानून को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे कर्मचारी
हरिद्वार-मणिकरण रूट पर HRTC की बस में कंडक्टर संदीप गौड़ ने एक ही दिन कुल 38,309 रुपए की ऑनलाइन बुकिंग दर्ज की गई, जो कि एक रिकॉर्ड है। HRTC की यह पहल न केवल पारदर्शिता को बढ़ावा देती है, बल्कि यात्रियों के लिए भी यह प्रक्रिया सुविधाजनक और सुरक्षित साबित हो रही है। निगम ने अन्य कंडक्टरों को भी इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।