#उपलब्धि
February 24, 2025
हिमाचल की मलका का कमाल : बेलन के साथ पकड़ी कलम और पास किया बड़ा इम्तिहान
मलका का पति पेशे से चालक है
शेयर करें:
चंबा। किसी ने क्या खूब लिखा है कि शादी के बाद भी सपनों की उड़ान होती है, नारी की शक्ति से हर मुश्किल आसान होती है। प्रोफेसर बनने का सपना साकार किया उसने, दृढ़ निश्चय से अपनी मंज़िल को पार किया उसने। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है चंबा जिले के अति दुर्गम गांव की रहने वाली मलका देवी ने।
मलका देवी जनजातीय क्षेत्र भरमौर के सुलाखर गांव की रहने वाली हैं। मलका देवी ने UGC-NET क्वालीफाई करके अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मलका देवी शादीशुदा है और मलका के पति सुरेंद्र कुमार पेशे से चालक हैं।
मलका देवी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पति को दिया है। मलका ने बताया कि सुरेंद्र ने उनकी पढ़ाई को जारी रखने के लिए कभी भी किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी। सुरेंद्र ने हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, सुरेंद्र कुमार का कहना है कि वो मलका की इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। सुरेंद्र ने कहा कि मलका ने इस परीक्षा में सफल होने के लिए काफी मेहनत की और परीक्षा को पास कर दिखाया। मलका ने ये साबित कर दिखाया कि इरादे मजबूत हों तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है।
आपको बता दें कि मलका के अलावा हिमाचल के कई और होनहारों ने भी इस कठिन परीक्षा को अच्छे अंकों से पास किया है। मंडी जिले के विकास खंड गोहर की पंचायत किलिंग के रहने वाले धीरज कुमार प्रोफेसर बनेगा। धीरज कुमार ने UGC-NET/JRF में 99.13 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। धीरज ने इस उपलब्धि को हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम देश व प्रदेश में रोशन किया है।