#उपलब्धि

September 18, 2026

हिमाचल : सरकारी योजना से पूनम ने खड़ा किया बड़ा कारोबार, आज अपनी 5 दुकानें- PM से भी मिल चुकीं

पति को नौकरी के बजाय कारोबार शुरू करने की दी सलाह

शेयर करें:

Poonam Sharma Pradhan Mantri Mudra Yojana

ऊना/मनाली। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से ताल्लुक रखने वाली पूनम शर्मा ने छोटे स्तर से शुरू किए कारोबार को धीरे-धीरे विस्तार देकर आज एक सफल व्यवसाय का रूप दे दिया है। कभी मनाली में छोटी सी सब्जी की दुकान से शुरुआत करने वाली पूनम अब अपने पति के साथ मिलकर पांच दुकानों का संचालन कर रही हैं। उनका कारोबार अलेयू और जगतसुख क्षेत्र में फैला हुआ है और इससे उनके परिवार की सालाना आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

पति को नौकरी के बजाय कारोबार शुरू करने की दी सलाह

बकौल पूनम, उनके कारोबार की आर्थिक स्थिति पहले करीब 2 लाख रुपये सालाना की आय तक सीमित थी, जो अब बढ़कर लगभग 15 लाख रुपये सालाना हो गई है। उनके कारोबार से छह अन्य लोगों को भी रोजगार मिलने की बात सामने आई है। इस कारोबारी सफर में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत मिले ऋण को उन्होंने महत्वपूर्ण सहारा बताया है। पूनम शर्मा वर्ष 2012 में मनाली आई थीं। उस समय उनके पति किसी अन्य व्यक्ति की सब्जी की दुकान पर काम करते थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही, 6 पुल और रास्ते बहे- कई गांवों का टूटा संपर्क

पूनम ने महसूस किया कि अगर परिवार अपना छोटा कारोबार शुरू करे तो आगे चलकर उससे बेहतर आमदनी का रास्ता बन सकता है। इसके बाद दोनों ने मनाली के अलेयू क्षेत्र में एक छोटी सी सब्जी की दुकान शुरू की। शुरुआत बेहद सीमित संसाधनों के साथ हुई। कारोबार बढ़ाने के लिए बैंक से ऋण लेने की कोशिश भी की गई, लेकिन उस समय कथित तौर पर बाहरी जिले से होने के कारण उन्हें ऋण नहीं मिल पाया। करीब तीन साल तक परिवार ने इसी छोटी दुकान के सहारे कारोबार चलाया।

2.5 लाख से बढ़कर 42 लाख रुपये तक पहुंची ऋण सीमा

वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शुरू होने के बाद पूनम के कारोबार को विस्तार का अवसर मिला। उनके अनुसार, बैंक की ओर से संपर्क किए जाने के बाद उन्होंने शुरुआती दौर में करीब 2.5 लाख रुपये का ऋण लिया। इस रकम का इस्तेमाल उन्होंने मौजूदा सब्जी कारोबार को बढ़ाने के साथ-साथ किराना व्यवसाय शुरू करने में किया। दोनों कारोबार धीरे-धीरे आगे बढ़े और ग्राहकों का दायरा भी बढ़ता गया। छोटी दुकान से शुरू हुई यह यात्रा यहीं नहीं रुकी। कारोबार के विस्तार के साथ बैंक से मिलने वाली ऋण सीमा भी बढ़ती गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 12 साल की नौकरी में 11 तबादले- कोर्ट पहुंचा कर्मचारी, सरकार से मांगा जवाब

पूनम शर्मा के मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में 2.5 लाख रुपये का ऋण लिया था। कारोबार बढ़ने के बाद उन्हें मुद्रा योजना के तहत अलग-अलग चरणों में 5 लाख, 10 लाख और 15 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा मिली। वर्तमान में उनके बैंक खाते से जुड़ी ऋण सीमा करीब 42 लाख रुपये होने की बात उन्होंने बताई है। इसी वित्तीय सहयोग के जरिए उन्होंने अपने कारोबार का विस्तार करते हुए अलेयू और जगतसुख में पांच दुकानों तक कारोबार खड़ा किया। पूनम और उनके पति दोनों मिलकर इन दुकानों के संचालन और कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं।

छह लोगों को रोजगार देने का दावा

पूनम की कारोबारी सफलता का असर केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं रहा। उनके कारोबार से करीब छह अन्य लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी दी गई है। छोटे स्तर के एक कारोबार से शुरू हुई यह पहल अब स्थानीय स्तर पर रोजगार का जरिया भी बनी है। उनका कहना है कि कारोबार को धीरे-धीरे बढ़ाने के लिए पूंजी की जरूरत थी और बैंक से मिलने वाले ऋण ने उस जरूरत को पूरा करने में मदद की।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : 500 मीटर गहरी खाई में समाई कार, रातभर चला रेस्क्यू - 2 लोगों की मौके पर मौ*त

पूनम शर्मा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को अपने कारोबारी सफर का अहम हिस्सा मानती हैं। उनका कहना है कि अगर उन्हें इस योजना के तहत वित्तीय सहायता नहीं मिलती तो शायद वह अपने कारोबार को उस स्तर तक नहीं ले जा पातीं, जहां आज पहुंची हैं। उनके मुताबिक, छोटे व्यापारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी जुटाना है। बैंक ऋण की सुविधा मिलने से उन्होंने धीरे-धीरे कारोबार का विस्तार किया और नई गतिविधियों को अपने व्यवसाय में शामिल किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी कर चुकी हैं मुलाकात

पूनम शर्मा की कहानी को एक और पहचान तब मिली, जब उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का अवसर मिला। उनके अनुसार, 8 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिमाचल प्रदेश से एक लाभार्थी के तौर पर उनका चयन किया गया था। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री से संवाद करने का मौका मिला।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश में आज बर्फ के बीच लगेगी आस्था की डुबकी- दोपहर 1 बजे शुरू होगा बड़ा शाही स्नान

पूनम ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे मुद्रा योजना और उससे उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि योजना के जरिए मिले वित्तीय सहयोग ने उन्हें घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित रहने के बजाय अपना कारोबार खड़ा करने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर दिया।

छोटी दुकान से पांच दुकानों तक का सफर

पूनम शर्मा की कहानी हिमाचल के छोटे कारोबारियों के सामने आने वाली चुनौतियों और बैंकिंग सहायता के जरिए कारोबार विस्तार की संभावनाओं को सामने रखती है। वर्ष 2012 में शुरू हुई छोटी सब्जी की दुकान से लेकर आज पांच दुकानों के संचालन तक का सफर कई चरणों में पूरा हुआ। उनके मुताबिक, परिवार की मेहनत, कारोबार का अनुभव और बैंक से मिली ऋण सुविधा ने इस विस्तार में भूमिका निभाई।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख