#उपलब्धि
January 2, 2026
हिमाचल में पांच दोस्तों का एक साथ भारतीय सेना में सिलेक्शन, कई सालों की मेहनत सफल
कोटशेरा कॉलेज के 5 NCC कैडेट बने अग्निवीर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के साथ ही वीरभूमि भी कहा जाता है। यहां के हर युवा में भारतीय सेना में सेवाएं देकर देश की रक्षा करने का जज्बा दिखता है और कई वर्षों तक भर्तियों का इंतजार करते हैं। और जब सिलेक्शन की बारी आती है तो कई वीर भारतीय सेना में भर्ती होकर इस वीरभूमि की शान को और बढ़ा देते है। कुछ ऐसा ही हुआ है प्रदेश की राजधानी शिमला में जहां एक ही कॉलेज के 5 बच्चे सेना में भर्ती हुए हैं।
देशसेवा का सपना लिए अनुशासन, मेहनत और समर्पण की राह पर चल रहे शिमला के कोटशेरा कॉलेज के NCC कैडेट्स ने एक बार फिर महाविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। कठोर चयन प्रक्रिया से गुजरते हुए कॉलेज के पांच एनसीसी कैडेट्स ने भारतीय सेना में अग्निवीर सैनिक के रूप में चयनित होकर यह साबित कर दिया कि एनसीसी युवाओं को सिर्फ ट्रेनिंग ही नहीं, बल्कि देश की सेवा के लिए भी तैयार करती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बर्फबारी : भीषण ठंड की चपेट में कई जिले, पर्यटकों का उमड़ा सैलाब
शिमला के कोटशेरा कॉलेज के कैडेट अंकित, कैडेट अरुण, कैडेट मुनीश, कैडेट गौरव और कैडेट अरविंद का भारतीय सेना में अग्निवीर सैनिक के रूप में चयन हुआ है। इन कैडेट्स ने शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद लिखित परीक्षा और मेडिकल परीक्षण जैसी कठिन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पास करते हुए अंतिम मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर कॉलेज परिसर में NCC की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि NCC कोटशेरा ने वर्षभर आयोजित विभिन्न कैंपों और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। NCC युवाओं में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करती है, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में कॉलेज छात्रा की मौ*त, प्रोफेसर सहित 4 पर लगे आरोप- फोन पर मिली वीडियो, खुली पोल
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. अजय गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कॉलेज के 16 एनसीसी कैडेट्स ने देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित आठ राष्ट्रीय स्तर के कैंपों में भाग लिया है। इनमें सैनिक कैंप और रिपब्लिक डे कैंप जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कैंप भी शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैडेट्स का सेना में चयन एनसीसी प्रशिक्षण की गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत का परिणाम है।
यह भी पढ़ें: नए साल में नौकरियों की भरमार: सुक्खू सरकार 1522 योग प्रशिक्षकों की करेगी नियुक्ति; जानें वेतन
कोटशेरा कॉलेज के इन कैडेट्स की सफलता न केवल अन्य एनसीसी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रयास से देशसेवा का सपना साकार किया जा सकता है।