#उपलब्धि
December 20, 2025
हिमाचल की NCC छात्रा का दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ चयन, राष्ट्रपति को देगी सलामी
अनुशासन और मेहनत से पहुंची इस मुकाम पर
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश का सिरमौर जिला भले ही सुविधाओं के मामले में प्रदेश के अन्य जिलों से पीछे माना जाता हो, लेकिन प्रतिभा और योग्यता के क्षेत्र में यह जिला किसी से कम नहीं है। इसी बात को एक बार फिर साबित किया है राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की छात्रा अंकिता शर्मा ने।
अंकिता शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड-2026 के लिए चयनित होकर न केवल अपने महाविद्यालय, बल्कि पूरे सिरमौर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
बता दें कि, अंकिता शर्मा राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। वह कॉलेज की NCC (National Cadet Corps) इकाई की सक्रिय कैडेट भी हैं। अंकिता उपमंडल संगड़ाह के गजवा गांव की रहने वाली हैं।
यह भी पढ़ें :धर्मशाला लैंड स्कैम में अब ED की एंट्री: नेता-बिजनेसमैन सब नपेंगे, ब्लैक मनी से जुड़े तार
NCC में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने, अनुशासन बनाए रखने और कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के कारण उनका चयन किया गया है। अंकिता शर्मा के पिता आत्मा राम शर्मा वेल्डिंग का काम करते हैं। बेटी की इस बड़ी सफलता से पूरे परिवार में खुशी है।
परिजन मानते हैं कि अंकिता की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। महाविद्यालय की NCC प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रोफेसर कविता चौहान ने बताया कि NCC कैडेट एसजीटी अंकिता शर्मा के गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन होने से राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में खुशी और गर्व का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिन मां-बाप पशुओं संग झोंपड़ी में रहने को मजबूर 4 मासूम, अब CM सुक्खू बनेंगे इनका सहारा
उन्होंने कहा कि यह सफलता अंकिता की मेहनत, अनुशासन और NCC में लगातार अच्छे प्रदर्शन का नतीजा है। प्रोफेसर कविता चौहान ने यह भी बताया कि यह उपलब्धि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर के सही मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग से संभव हो पाई है।
प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने अंकिता शर्मा को बधाई दी और कॉलेज की NCC इकाई के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंकिता की यह सफलता कॉलेज के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
⦁ गणतंत्र दिवस परेड के अंतिम चयन से पहले अंकिता शर्मा ने 50 दिनों से अधिक का कठिन प्रशिक्षण लिया।
⦁ उन्होंने बनिखेत में आयोजित प्री RDC (I) शिविर में 28 सितंबर से 7 अक्टूबर 2025 तक भाग लिया।
⦁ इसके बाद चितकारा विश्वविद्यालय में प्री आरडीसी (II) शिविर में 17 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 तक प्रशिक्षण लिया।
⦁ आगे चलकर उन्होंने रोपड़ में आयोजित आईजीसी (I) शिविर में 12 से 21 नवंबर 2025 तक हिस्सा लिया।
⦁ रोपड़ में ही आईजीसी (II) शिविर में 22 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक भाग लिया।
⦁ अंत में उन्होंने रोपड़ में आयोजित आईजीसी (III) शिविर में 8 से 18 दिसंबर 2025 तक कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
लगातार 50 दिन से ज्यादा कठिन प्रशिक्षण लेने के बाद अंतिम चयन पाना अंकिता की मजबूत इच्छा, अनुशासन और मेहनत को दिखाता है। अंकिता की यह सफलता संगड़ाह महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है।