#उपलब्धि
April 29, 2025
हिमाचल: नंगे पांव पद्मश्री सम्मान लेने पहुंचे हरिमन शर्मा, PM मोदी ने सेब भिजवाने को कहा
एप्पल मैन ऑफ इंडिया को मिला बड़ा सम्मान
शेयर करें:
नई दिल्ली/बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के मृदुभाषी, मेहनती और प्रगतिशील बागवान हरिमन शर्मा को सोमवार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया।
इस मौके पर हरिमन शर्मा नंगे पांव, सिर पर हिमाचली टोपी पहने हुए मंच तक पहुंचे और किसान की मिट्टी से जुड़ी विनम्रता और तपस्या का प्रतीक बन गए। हरिमन शर्मा की सादगी ने हर हिमाचली का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा, "यह पुरस्कार मेरे जीवन भर की साधना और मेहनत का फल है।" हरिमन शर्मा ने जो HRMN-99 सेब की किस्म विकसित की है, वह आज देश के 29 राज्यों सहित नेपाल, बांग्लादेश, जाम्बिया और जर्मनी तक पहुंच चुकी है। यह किस्म समुंदर तल से सिर्फ 1800 फीट ऊंचाई वाले गर्म क्षेत्रों में भी सफलता से उगाई जा सकती है, जबकि पारंपरिक सेब के लिए ऊंचे और ठंडे इलाके आवश्यक माने जाते रहे हैं।
हरिमन शर्मा ने राष्ट्रपति से नंगे पांव लिया पद्मश्री सम्मान pic.twitter.com/J8MkhXFASM
— kajol chauhan (@THEKAYCEEvoice1) April 29, 2025
राष्ट्रपति भवन में पद्मश्री मिलने के बाद हरिमन शर्मा ने PM नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। उन्होंने PM मोदी को बताया कि वह जून में सेब की ताजा फसल लेकर स्वयं मिलने आएंगे। इस पर PM मोदी ने मुस्कराते हुए कहा, “झूठा वादा मत करना, मैं इंतजार करूंगा।” इस पर हरिमन ने दृढ़ता से उत्तर दिया, “एक किसान अपने वचन से कभी पीछे नहीं हटता।”
हरिमन शर्मा वर्तमान में एवोकाडो और प्लम की नई किस्मों पर भी शोध कर रहे हैं। उन्होंने देश के युवाओं से अपील की है कि वे सरकारी नौकरियों की दौड़ के बजाय खेती की ओर लौटें, क्योंकि यहां असीम संभावनाएं हैं। उनके बाग में आम, कीवी और अनार के पेड़ भी सफलतापूर्वक फल दे रहे हैं।
हरिमन शर्मा का यह सम्मान न केवल हिमाचल के किसानों के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि देशभर के उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो खेती को केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि नवाचार और सम्मान का जरिया मानते हैं।