#उपलब्धि
February 16, 2025
हिमाचल: भाई-बहन ने एक साथ पहनी सेना की वर्दी, कड़ी मेहनत से पाया मुकाम
आईटीबीपी में एक साथ भर्ती हुए भाई बहन
शेयर करें:

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के कई युवा अपनी मेहनत के दम पर बड़े बड़े मुकाम हासिल कर रहे हैं। कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिनके बच्चे एक साथ सफलता की सीढ़ी को हासिल कर लेते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के किन्नौर जिला से सामने आया है। यहां एक भाई बहन ने एक साथ सेना की वर्दी पहनी है। अपने दोनों बच्चांे को सेना की वर्दी में देख कर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार यह भाई बहन किन्नौर जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल छितकुल के रहने वाले हैं। दोनों भाई बहन ने एक साथ आईटीबीपी की वर्दी पहन कर ना सिर्फ अपने गांव का नाम रोशन किया है। बल्कि अपने परिवार का गर्व से सीना भी चौड़ा कर दिया है। परिवार ने पूरे गांव में अपने बच्चों की इस उपलब्धि की खुशी मनाई है।
दरअसल छितकुल गांव के रानीका नेगी और जगदीप नेगी भारत तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी में भर्ती हुए हैं। उनका चयन आईटीबीपी में कांस्टेबल जनरल ड्यूटी पद पर हुआ है। बताया जा रहा है कि पिता का साया सिर से उठने के बाद भी बच्चों ने हौंसला नहीं छोड़ा और कड़ी मेहनत कर जगदीप नेगी और रानीका नेगी ने यह सफलता हासिल की।
स्वर्गीय जोधिया नंद के बेटे जगदीप नेगी मध्यप्रदेश के करोरा में स्थित ट्रेनिंग सेंटर में अपनी ट्रनिंग ले ले रहे हैं। जबकि उनकी बहन रानीका नेगी पंचकूला में अपनी ट्रेनिंग ले रही हैं। अपने दोनों बच्चों की इस उपलब्धि से उनकी मां काफी खुश है। परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भाई बहन की इस उपलब्धि से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
बता दें कि ऐसा कई बार होता है कि जब एक साथ घर के दो बच्चे पुलिस या आर्मी में एक साथ भर्ती होते हैं। अभी हिमाचल में पुलिस भर्ती भी चल रही है। जिसमें भी पिछले दिनों जहां दो जुड़वा भाई ग्राउंड टेस्ट देने पहुंचे थे। वहीं कुछ घरों से दो दो भाई एक साथ पुलिस भर्ती ग्राउंड टेस्ट देने के लिए आए हुए थे।