#हादसा

July 27, 2025

हिमाचल : अस्थायी पुलिया से फिसली महिला उफनते नाले में गिरी, फरिश्ता बन पहुंचा पिंचू और बचा लिया

राशन लेकर घर लौट रही थी बेचारी

शेयर करें:

Mandi News

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब झुंडी पंचायत के जुड गांव में एक महिला अस्थाई पुलिया पार करते हुए उफनते नाले में गिर गई। महिला के नाले में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

उफनते नाले में गिरी महिला

बताया जा रहा कि घटना के समय महिला डिपो से राशन लेकर घर लौट रही थी। महिला किनारे पर पहुंचने ही वाली थी कि अचानक उसका पांव फिसल गया और वो उफनते हुए नाले में गिर गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले 5 दिन भारी : IMD ने दी बारिश की चेतावनी, हाई अलर्ट पर कई जिले

पानी में बही महिला

यह घटना बीते कल सराज विधानसभा क्षेत्र के जुड़ गांव में पेश आई है। गनीमत रही कि नाले के किनारे खड़े स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को कुछ ही फीट बहने के बाद सुरक्षित बाहर खींच लिया। घटना में पूजा का पूरा राशन भी नाले में बह गया है।

 

महिला की पहचान पूजा निवासी गांव बजवास के रूप में हुई है। अपनी जान जोखिम में डालकर उफनते नाले में कूदकर पूजा की जान बचाने वाले व्यक्ति की पहचान पिंचू के रूप में हुई है- जो कि बेघर टैंट का रहने वाला है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर चरस बेचने निकला था 'छोकरू', ग्राहक से पहले पुलिस से हो गया सामना

तेज बारिश से उफान पर था नाला

यह हादसा दिन के समय उस वक्त हुआ जब क्षेत्र में तेज बारिश के चलते नाला उफान पर था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के गिरते ही उसकी चीख-पुकार और आसपास मौजूद लोगों की घबराहट साफ सुनाई दे रही है। यह दृश्य न केवल भयावह था, बल्कि उस गंभीर खतरे की ओर इशारा कर रहा है जिससे स्थानीय लोग हर दिन दो-चार हो रहे हैं।

बह गया था पक्का पुल

स्थानीय लोगों के अनुसार, 30 जून की रात हुई भारी बारिश में इस स्थान पर बना पक्का पुल बह गया था। इसके बाद से प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी वैकल्पिक पुल नहीं बनाया गया है। नाले को पार करने के लिए ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से एक अस्थायी रास्ता बनाया है, जिसमें एक बड़े पेड़ को पुल के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : मंत्री जगत नेगी को काले झंडे दिखाने पर सियासत तेज :65 लोगों पर FIR, कांग्रेस कार्यकर्ता को भी लपेटा

जान जोखिम में डाल रहे लोग

इसी से रोजाना स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 25 दिनों से वे लगातार प्रशासन से संपर्क कर स्थायी पुल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस घटना के बाद लोगों में खासा गुस्सा है।

हो सकता है बड़ा हादसा

उनका कहना है कि अगर जल्द ही स्थायी पुल का निर्माण नहीं हुआ, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि मानसून की विकट परिस्थितियों को देखते हुए अविलंब पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाए ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख