#हादसा
September 3, 2026
हिमाचल: कार ने कुचली स्कूटी सवार महिला, अपने 6 माह के बच्चे को दूध पिलाने जा रही थी घर
छह माह की मेटरनिटी लीव खत्म कर दो दिन पहले ही ज्वाइन की थी ड्यूटी
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई। महिला स्कूटी पर घर में मौजूद अपने छह माह के बच्चे को दूध पिलाने के लिए जा रही थी, लेकिन इससे पहले कि बच्चे तक उसकी मां पहुंचती, रास्ते में एक दर्दनाक हादसे ने महिला की सांसें छीन लीं।
यह हादसा सिरमौर जिला के पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर हुआ है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बताया जा रहा है कि नारीवाला के पास कार की जोरदार टक्कर से स्कूटी सवार महिला स्वास्थ्य कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी अजौली पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : मंत्री विक्रमादित्य सिंह का मास्टर प्लान: 98 गांवों की बदलेगी तस्वीर; सड़कों से जोड़ने को बन रही DPR
पूनम कुंडियों पीएचसी में फीमेल हेल्थ वर्कर के पद पर तैनात थी। वह पिछले करीब छह महीने से मेटरनिटी लीव पर थी और महज दो दिन पहले ही दोबारा ड्यूटी ज्वाइन की थी। नई जिम्मेदारी के साथ वह अपनी नौकरी पर लौटी थी, लेकिन किसे पता था कि ड्यूटी शुरू करने के दो दिन बाद ही उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पूनम दोपहर के समय अपनी स्कूटी से घर की ओर जा रही थी। उसका छह माह का बच्चा घर पर था और वह उसे दूध पिलाने के लिए लौट रही थी। नारीवाला के पास पहुंचते ही सामने से आए उत्तराखंड नंबर की कार UK 07 DM-2646 ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूनम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल की रेलिंग से टकराया टिप्पर, शीशा टूटने से सड़क पर गिरा युवक; थम गईं सांसें
हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूनम के निधन से उसके तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। छह माह का मासूम तो अभी ठीक से मां को पुकार भी नहीं सकता था, जबकि दो अन्य बच्चे भी अपनी मां की ममता से हमेशा के लिए महरूम हो गए। जिस मां के पास लौटकर अपने बच्चे को दूध पिलाने की जल्दी थी, उसी मां की सड़क हादसे में मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
पूनम की अचानक मौत से अजौली गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और परिचितों को यकीन नहीं हो रहा कि कुछ ही दिन पहले मेटरनिटी लीव के बाद ड्यूटी पर लौटी पूनम अब कभी घर वापस नहीं आएगी। हादसे ने एक परिवार से मां, एक पति से पत्नी और तीन बच्चों से उनकी मां छीन ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ससुर के अतिक्रमण पर बहू नहीं लड़ पाएगी चुनाव, विधेयक पारित; स्टांप ड्यूटी में भी बदलाव
हादसे की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : पेंशनरों के बकाये और यूनिवर्सिटी बिल पर सदन में हंगामा, CM सुक्खू और जयराम के बीच तीखी नोकझोंक
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।