#हादसा
September 3, 2026
हिमाचल: पुल की रेलिंग से टकराया टिप्पर, शीशा टूटने से सड़क पर गिरा युवक; थम गईं सांसें
घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पधर क्षेत्र में निर्माणाधीन पधर-बिजनी सुपर हाईवे पर साहल के पास एक तेज रफ्तार टिप्पर अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिप्पर का अगला शीशा टूट गया और केबिन में बैठा एक युवक शीशे से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक टिप्पर चालक भूपेंद्र कुमार वाहन को पधर से मंडी की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान साहल के समीप निर्माणाधीन सुपर हाईवे पर अचानक टिप्पर अनियंत्रित हो गया और पुल पर लगी रेलिंग से जा टकराया। टक्कर के बाद टिप्पर के आगे का शीशा बुरी तरह टूट गया। हादसे के समय टिप्पर के केबिन में साहल निवासी सतीश कुमार भी मौजूद थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह टूटे हुए शीशे के रास्ते सड़क पर जा गिरे। सड़क पर गिरने से सतीश को गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ससुर के अतिक्रमण पर बहू नहीं लड़ पाएगी चुनाव, विधेयक पारित; स्टांप ड्यूटी में भी बदलाव
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सतीश कुमार को तुरंत पधर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मंडी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें लेकर मंडी अस्पताल पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हादसे ने क्षेत्र के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें : पेंशनरों के बकाये और यूनिवर्सिटी बिल पर सदन में हंगामा, CM सुक्खू और जयराम के बीच तीखी नोकझोंक
हादसे की सूचना मिलते ही पधर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टिप्पर अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुआ। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।