#हादसा

September 16, 2025

हिमाचल: गरीब का गिर गया आशियाना, अंदर सो रही महिला दबी; बच्ची ने बाहर छलांग लगाकर बचाई जा*न

देर रात 10 बजे गिरा घर का हिस्सा, गरीब परिवार से छिन गई छत

शेयर करें:

Himachal-Mandi-house-News

मंडी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश अब जानलेवा बनती जा रही है। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश भर में 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं। जगह.जगह भूस्खलन, मकानों के गिरने और सड़कों के धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते.होते टल गया, जब एक कच्चा मकान अचानक ढह गया।

मकान गिरा, अंदर सो रही महिला दबी

यह हादसा मंडी जिला के सरकाघाट की ग्राम पंचायत जुकैण के मतेहड़ी गांव में रात लगभग 10 बजे हुआ। गांव निवासी बलबीर के पुराने मकान का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। उस वक्त घर में बुजुर्ग महिला सो रही थीं और वे मलबे में दब गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत मलबे से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि उन्हें सिर्फ हल्की चोटें आईं और उनकी जान बच गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मलबे में मिली सास-बहू और पोते की देह, मां से लिपटा मिला 8 माह का मासूम

बच्ची ने छलांग लगाकर बचाई जान

हादसे के वक्त घर के ऊपरी हिस्से में बलबीर की पोती पढ़ाई कर रही थी। जैसे ही मकान के गिरने की आवाज आई, बच्ची ने बिना समय गंवाए नीचे छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। चश्मदीदों के अनुसार, अगर बच्ची ने कुछ सेकंड की भी देर की होती, तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकता था। इस हादसे के बाद अब गरीब परिवार के सिर से छत छिन्न गई है। ऐसे में गरीब परिवार खुले आसमान के तले आ गया है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन को भी सूचना दी गई। स्थानीय प्रशासन की टीम रात को ही मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मकान काफी पुराना था और बीते कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते इसकी दीवारें पूरी तरह से कमजोर हो चुकी थीं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आधी रात हॉस्टल में घुसा पानी, ऊपरी मंजिल पर चढ़ 150 छात्रों ने बचाई जा*न; मची अफरा तफरी

पीड़ित परिवार के लिए मांगी सहायता

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मकान की जांच करवाई जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए। वहीं, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल राहत सामग्री उपलब्ध करवा दी गई है और नुकसान का मूल्यांकन किया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : हिमलैंड में भूस्खलन, भारी मलबे की चपेट में आई 6 गाड़ियां- डर में लोग

हिमाचल में अब तक 400 से अधिक मौतें

हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून से अब तक 400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, मकान ढहने, पेड़ गिरने और सड़क हादसों जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की चुनौती के कारण कई बार राहत कार्यों में बाधा आ रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख