#हादसा
December 12, 2025
BREAKING हिमाचल: गहरी खाई में गिरी कार, दो घरों के बुझे चिराग; एक की अगले माह होनी थी शादी
जिस घर में बजनी थी शहनाई, उस घर से उठी चीखों से दहला क्षेत्र
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। बड़ी बात यह है कि हादसे में जिस एक युवक की मौत हुई, उसकी अगले माह शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार को जवान बेटे की मौत की खबर मिल गई। एक माह बाद जिस घर से शहनाईयों की गूंज सुनाई देनी थी, उस घर से निकली रही चीखों से आज पूरा इलाका दहल गया। यह दर्दनाक हादसा चंबा जिला के भद्रवाह पधरी मार्ग पर हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार को भद्रवाह पधरी सड़क पर थणाला के पास एक अनियंत्रित कार लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। इस कार को एक 22 साल का युवक संदीप उर्फ रिंकू चला रहा था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन घायलों में से एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह हादसा दो परिवारों को कभी ना भूलने वाला गम दे गया है।
यह भी पढ़ें : RTO ने भरा हिमाचल सरकार का खजाना- नियम तोड़ने पर काटे 3 करोड़ के चालान, जानें
बताया जा रहा है कि हिमाचल नंबर की कार जम्मू के किश्तवाड़ से चंबा जिला के सलूणी लौट रही थी। कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। जब कार भद्रवाह पधरी मार्ग पर थणाला के निकट पहुंची तो अचानक से चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित कार करीब 200 फीट गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में कार चालक 22 वर्षीय संदीप उर्फ़ रिंकू पुत्र नंदू निवासी गांव गरझिंडू तहसील सलूणी जिला चंबा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीन अन्य घायलों को भद्रवाह अस्पताल पहुंचाया। यहां पर एक व्यक्ति भजोत्रा निवासी चंद्रमणी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे डोडा रेफर कर दिया, लेकिन उसने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू बोले- बिना तथ्यों के बस झूठ बोलते हैं जयराम, अब प्रतिक्रिया देने का भी नहीं करता मन
वहीं दो अन्य युवकों कैलाश कुमार निवासी पोठा और जयराम सिंह निवासी भजौत्रा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ग्राम पंचायत भजोत्रा की प्रधान नीना कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में दो घरों के चिराग बुझ गए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
वहीं इस हादसे में जान गंवाने वाले संदीप उर्फ़ रिंकू की अगले माह शादी होने वाली थी। परिवार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थी और शादी के कार्ड बांटने का काम चल रहा था। लेकिन परिवार को क्या पता था कि जिस बेटे की शादी की वह तैयारियों में जुटे हैं, वह सफेद कफन में घर लौटेगा। जिस घर में एक माह बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थी, उस घर में आज परिवार की चीत्कारें गूंज रही हैं।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिंकू एक कंपनी में काम करता था और शादी की तैयारियों के लिए बीच बीच में घर आ रहा था। रिंकू ने हाल ही में अपनी होने वाली दुल्हन के लिए कपड़े चुनने की बात परिवार से की थी। काम की व्यस्तता के बीच उसने कुछ दिनों की छुट्टी ली थी ताकि घर जाकर शादी की तैयारी में हाथ बटा सके। लेकिन किसे पता था कि जिस रास्ते से वह सपनों के साथ लौट रहा है, वही रास्ता उसे हमेशा के लिए घर से दूर कर देगा।