#हादसा
June 18, 2025
हिमाचल : TV केबल ठीक करने गए बेटे को लगा करंट का झटका, पिता से छिन गया बूढ़ापे का सहारा
केबल ठीक करने चढ़ा था खंभे पर, अचानक आया करंट
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश में आये दिन आकस्मिक मौत से सरने वालों की संख्या में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। इस कड़ी में ताज़ा मामला प्रदेश के जिला मंडी से सामने आया है। जहां चौहटा बाजार में टीवी केबल बिछाने के दौरान एक शख्स की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा न केवल चौंकाने वाला था, बल्कि स्थानीय लोगों के बीच गहरी संवेदना और सवाल भी छोड़ गया।
केबल बिछा रहा था तकनीशियन
जानकारी के अनुसार, केबल तकनीशियन का नाम विजय कुमार, जिसकी उम्र 45 साल थी। विजय पुरानी मंडी के सांबली मोहल्ले का रहने वाला था। बीते कल विजय चौहटा बाजार में एक बिजली के खंभे पर चढ़कर टीवी केबल लगा रहा था। काम के दौरान अचानक खंभे में करंट आ गया और तेज झटका लगते ही वह संतुलन खो बैठा। बिजली का झटका इतना जबरदस्त था कि वह खंभे से सीधे नीचे सड़क पर गिर पड़ा। गिरने से उसके शरीर को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
खंभे से लगा जोरदार झटका
विजय के साथ काम कर रहे सहयोगी किशोरी लाल नामक युवक ने स्थिति को समझते हुए बिना देरी किए उसे तुरंत मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। मगर डॉक्टरों की सारी कोशिशें नाकाम रहीं और इलाज शुरू होने के कुछ ही समय बाद विजय को मृत घोषित कर दिया गया।
किसकी लापरवाही से हुआ हादसा?
इस घटना की जानकारी मिलते ही SP मंडी साक्षी वर्मा ने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ और क्या इसमें बिजली विभाग या किसी अन्य की लापरवाही जिम्मेदार थी।
घटना के बाद पूरे चौहटा बाजार और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और सवाल कर रहे हैं कि बिजली के खंभे में करंट कैसे मौजूद था जब कोई तकनीशियन उस पर काम कर रहा था। क्या संबंधित विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं?
विजय की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विजय की मां का पहले ही देहांत हो चुका है। विजय अपने पीछे पिता, पत्नी और सात साल का बेटा छोड़ गया है। बेटे की मौत के बाद बुजुर्ग बाप का रो-रो कर बुरा हाल है। उनसे उनके बुढ़ापे का सहारा छिन गया है। सात साल के मासूम की पूरी जिम्मेदारी अब विजय की पत्नी के कंधों पर आ गई है।