#हादसा
October 7, 2025
हिमाचल: गाड़ी लेकर घूमने निकले थे 4 यार, सामने से ट्रक ने मार दी टक्कर, उड़े परखच्चे
घूमने निकले चार दोस्त पहुंचे अस्पताल
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बीती रात जिया क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई इस दुर्घटना में एक कार में सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गयाए जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोट नेऊली (कुल्लू) के निवासी उमेश अपने तीन दोस्तों अनिकेत, ज्ञान प्रकाश और गौतम के साथ भुंतर से कुल्लू की ओर जा रहे थे। देर रात जब उनकी कार जिया के समीप पहुंची, तभी कुल्लू की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म, शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया; सुक्खू सरकार ने विभागों से मांगा ब्यौरा
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार चारों युवकों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि ज्ञान प्रकाश की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
इस बीच एएसपी कुल्लू संजीव चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सड़क हादसों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिया क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।