#हादसा
February 20, 2026
ढाबे में घुसा अनियंत्रित ट्रैक्टर, हिमाचल के संचालक सहित दो की थमी सांसें, सदमें में परिवार
होशियारपुर दसुआ मार्ग पर घासीपुर के पास हुआ हादसा
शेयर करें:

बिलासपुर/होशियारपुर। वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ रही है। आए दिन सड़कों पर वाहन चालक लोगों को कुचल रहे हैं। अब एक ऐसा ही मामला पड़ोसी राज्य पंजाब के होशियारपुर में हुआ है। यहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक मृतक हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा पंजाब के होशियारपुर दसुआ मार्ग पर घासीपुर गांव के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि एक चारे से लदी एक ट्रैक्टर.ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसी। ट्रैक्टर.ट्रॉली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है। जिसमें ढाबा संचालक भी शामिल है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बढ़ेगी महंगाई: सुक्खू सरकार ने एंट्री फीस के बाद अब फल-सब्जियों पर लगाई मार्केट फीस
पुलिस के अनुसार चालक ट्रैक्टर.ट्रॉली से अचानक नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित ट्रैक्टर ढाबे में जा घुसा। यह ढाबा हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के रहने वाले कमल कुमार था। ट्रैक्टर की चपेट में आने से 35 वर्षीय कमल कुमार और एक अन्य युवक 24 वर्षीय रंजीत सिंह की मौत हो गई। रंजीत सिंह बिहार का रहने वाला था।
ढाबे पर मौजूद लोगों का कहना था कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ढाबा संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को भी हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : जयराम सरकार ने जनता के पैसे से खड़े किए थे "महल", केंद्र ने लोगों की प्यास बुझाने को भेजा था पैसा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके पर जाकर गहन निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों बयान दर्ज कर लिए हैं ताकि दुर्घटना के असली कारणों का पता चल सके।