#हादसा

September 8, 2026

हिमाचल में बड़ा हा*दसा: 4 मजदूरों पर गिरा भारी भरकम टावर क्रेन का बूम, एक ने तोड़ा दम

फोरलेन निर्माण में लगे थे सभी मजदूर, अचानक हो गया बड़ा हादसा मची अफरा तफरी

शेयर करें:

Shimla four lane accident

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने काम कर रहे मजदूरों और उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। पुजारली के सुईंठा क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान टावर क्रेन का भारी बूम अचानक नीचे आ गिरा। उस समय नीचे खड़े चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक शख्स की मौत, तीन घायल

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान 36 वर्षीय मोहर सिंह, निवासी जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। घायल मजदूरों की पहचान रोमित, नसीम मोहम्मद और चंद्रकांत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों घायल भी जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से संबंध रखते हैं। ये सभी मजदूर अपने परिवारों का पालन-पोषण करने और रोजी-रोटी कमाने के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे तथा फोरलेन निर्माण परियोजना में काम कर रहे थे।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट- मुख्यमंत्री के बाद डिप्टी CM भी दिल्ली रवाना

काम के बीच अचानक मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच पुजारली के सुईंठा क्षेत्र में ढली-कैथलीघाट फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर श्रमिक अपने नियमित काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान टावर क्रेन का बूम अचानक टूटकर नीचे जा गिरा। भारी भरकम बूम के नीचे खड़े मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चार श्रमिक इसकी चपेट में आ गए।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी स्कूलों में गैस खत्म...शिक्षक घर से ढो रहे इंडक्शन-हीटर, मिड-ले मील पर संकट

अचानक हुए इस हादसे से निर्माण स्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद श्रमिक तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को किसी तरह मलबे और भारी उपकरण की चपेट से बाहर निकाला गया और बिना समय गंवाए उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल शिमला पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही एक मजदूर ने तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहर सिंह की हालत बेहद नाजुक थी। आईजीएमसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं रोमित, नसीम मोहम्मद और चंद्रकांत का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मोहर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह भी पढ़ें- IGMC में गजब का मामला- 2 वर्षीय मासूम ने निगली हेयर क्लिप, डॉक्टरों ने बिना सर्जरी किए निकाली

पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा इंतजाम भी जांच के दायरे में

घटना की सूचना मिलने के बाद कसुम्पटी चौकी से पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। निर्माण स्थल पर क्रेन की स्थिति, उसके संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों से जुड़े पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टावर क्रेन का बूम तकनीकी खराबी, किसी अन्य कारण या निर्माण कार्य के दौरान हुई चूक के चलते नीचे गिरा। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल DPS रैगिं**ग केस : प्रिंसिपल पर लगे गंभीर आरोप, 5 स्टूडेंट्स सस्पेंड- आज होगी पूछताछ

फोरलेन परियोजना में श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर बड़े निर्माण कार्यों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फोरलेन जैसी बड़ी परियोजनाओं में भारी मशीनरी और क्रेन का लगातार इस्तेमाल होता है। ऐसे में किसी भी तकनीकी खामी या सुरक्षा व्यवस्था में चूक के गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। चारों मजदूर उस कंपनी के साथ काम कर रहे थे जो फोरलेन निर्माण कार्य में लगी हुई है। हादसे के बाद यह भी जांच का विषय है कि निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था। वहीं एनएचआई के प्रोजेक्ट निदेशक आनंद कुमार दहिया ने भी हादसे की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख