#हादसा

May 14, 2026

हिमाचल: कार में बैठ खाना खा रहे थे दो युवक, अचानक पहाड़ से गिरे पत्थरों ने चकनाचूर कर दी गाड़ी

कार के उड़े परखच्चे, गाड़ी को तोड़ कर बाहर निकाले युवक 

शेयर करें:

himachal Landslide

शिमला। हिमाचल प्रदेश में विकास की अंधी दौड़ और प्रकृति से छेड़छाड़ के बीच अब पहाड़ अंदर से खोखले होने लगे हैं। इसका खौफनाक परिणाम आए दिन होने वाले भूस्खलन और लैंडस्लाइड के रूप में सामने आ रहा है। ताजा मामला राजधानी शिमला के जुब्बल क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक दिल दहला देने वाले हादसे ने लोगों की रूह कंपा दी है। यहां सड़क किनारे कार को खड़ा कर उसमें दो युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ से बड़े बड़े पत्थर कार पर आ गिरे। पत्थरों की इस बरसात ने चंद सेकंड में कार को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया।

कार पर गिरे पत्थर, अंदर खाना खा रहे थे दो युवक

यह दर्दनाक हादसा अंटी नेशनल हाईवे-707 पर नालू के पास पेश आया। जानकारी के मुताबिक बढ़ाल गांव के रहने वाले मनोज और सुनील अपनी कार HP 10A-4625  में सड़क किनारे भोजन कर रहे थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस पहाड़ के नीचे बैठ कर वह भोजन कर रहे हैं, वहीं उनका काल बन सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 28 का युवक, 34 की महिला... आधी रात को कार में चिट्टा सप्लाई करने निकले थे, पुलिस ने धरे

 

बताया जा रहा है कि पास ही नंदपुर सड़क पर जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था, जिससे पहाड़ की पकड़ कमजोर हो गई। अचानक पहाड़ी से बड़े.बड़े पत्थर लुढ़कते हुए नीचे आए और उनमें से एक बड़ा पत्थर सीधे कार की छत को चीरते हुए अंदर धंस गया। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि आसपास खड़े लोगों के हाथ.पांव फूल गए। कुछ ही सेकंड में कार पूरी तरह दब गई और अंदर बैठे युवक उसमें फंस गए। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुबह-सवेरे युवक की मौ*त, सतलुज के पास गहरी खाई में गिरी गाड़ी- परिवार बेसुध

चकनाचूर हुई कार, अंदर फंस गए दोनों युवक

हादसे के बाद मौके पर चीख.पुकार मच गई, क्योंकि हादसे में कार के परखच्चे उड़ चुके थे और दोनों युवक अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों ने किसी तरह कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें- सुक्खू सरकार का कर्मचारियों को तोहफा! बकाया एरियर-DA भुगतान की तैयारी तेज; विभाग को दिए ये निर्देश

खोखले होते पहाड़ बन रहे खतरा

इस हादसे के बाद एक बार फिर हिमाचल में लगातार हो रहे भूस्खलन और पहाड़ों की कमजोर होती स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों के कारण पहाड़ लगातार कमजोर हो रहे हैं, जिसकी वजह से अक्सर चट्टानें गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और निर्माण कार्यों की निगरानी करने की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें : AIIMS RESULT 2026 : हिमाचल की बेटी ने देशभर में चमकाया नाम, 22वां रैंक हासिल कर बनी स्टेट टॉपर

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पहाड़ी से पत्थर गिरना मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख