#अपराध
May 14, 2026
हिमाचल : 28 का युवक, 34 की महिला... आधी रात को कार में चिट्टा सप्लाई करने निकले थे, पुलिस ने धरे
तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। इस कड़ी में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामला प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां जिले के सुन्नी क्षेत्र में आधी रात को चिट्टा सप्लाई करने निकले युवक और महिला को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कार की तलाशी में हेरोइन बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुन्नी पुलिस ने देर रात घराट नाला क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से चिट्टा बरामद कर युवक और महिला को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर नशे की खेप लेकर जा रहे थे।
पुलिस को शक होने पर शिमला की ओर से आ रही कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। तलाशी के दौरान कार में सवार युवक और महिला के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंडी जिले के करसोग निवासी 28 वर्षीय महेश कुमार और हमीरपुर जिले के भोरंज क्षेत्र की 34 वर्षीय मनोरमा देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना सुन्नी में केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किस नेटवर्क के जरिए सप्लाई किया जाना था।
उधर, शिमला पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।