#हादसा
June 19, 2026
हिमाचल में JCB से टकराई तेज रफ्तार कार, बुझ गया एक घर का चिराग; दूसरे की हालत गंभीर
सड़क किनारे खड़ी जेसीबी से टकराई थी तेज रफ्तार कार
शेयर करें:

सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली और चुनौतीपूर्ण सड़कों पर हर दिन होने वाले सड़क हादसे न जाने कितने परिवारों की खुशियां छीन रहे हैं। कभी किसी मां का बेटा, कभी किसी पत्नी का सुहाग तो कभी किसी परिवार का इकलौता सहारा इन हादसों की भेंट चढ़ जाता है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर ने एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया, जबकि उसका साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर क्षेत्र के जड़ोल फोरलेन पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे खड़ी एक जेसीबी में पीछे से तेज रफ्तार कार जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रूह कंपा देने वाला ए.क्सी.डेंट: कार की टक्कर से हवा में उछली युवती दूर जाकर गिरी; VIDEO
हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी। काफी प्रयासों के बाद दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी राहुल सिंह की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं हादसे में घायल पंजाब के लुधियाना निवासी साहिल अरोड़ा का उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है कि फोरलेन के किनारे नालियों की सफाई का कार्य चल रहा था, जिसके चलते एक जेसीबी सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे जेसीबी के पिछले हिस्से से जा टकराई। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के पीछे तेज गति को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। दुर्घटना के समय वाहन की गति, सड़क की स्थिति और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ वर्षों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो रही है। मंडी में हुआ यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि सड़क पर थोड़ी सी असावधानी भी किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकती है। जरूरत इस बात की है कि वाहन चालक पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।