#हादसा
May 2, 2025
BIG BREAKING- खड्ड में गिरी कार, दो ने मौके पर तोड़ा दम- 2 की हालत नाजुक
निजी काम से कार में सवार होकर जा रहे थे युवक
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां बनीखेत क्षेत्र में एक कार हादसे का शिकार हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई है। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में दो घरों के चिराग बुझ गए हैं। जवान बेटों की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। यह हादसा देर रात 11.30 बजे के करीब तब पेश आया- जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार युवक कार में सवार होकर किसी निजी कार्य से जा रहे थे। यह कार बनीखेत से लाहड़ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन बनीखेत के समीप दवालु पुल पर एक मोड़ पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे सड़क से नीचे गहरी खड्ड में जा समाई। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दो घायल अवस्था में गाड़ी में ही फंसे रहे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए डलहौजी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
SHO डलहौजी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह हादसा फिर एक बार हिमाचल की सड़कों की खतरनाक स्थिति और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए।