#हादसा
September 27, 2025
हिमाचल में पंजाबी गायक और अभिनेता की बाइक स्किड़, हार्ट अटैक भी आया
अस्पताल ले जाते घायल गायक को आया हार्ट अटैक
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में पंजाब का एक मशहूर पंजाबी गायक सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे की खबर फैलते ही संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। यह पंजाबी सिंगर हिमाचल के बद्दी में बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान इसकी बाइक अचानक स्किड हो गई और वह हादसे का शिकार हो गया। यह पंजाबी सिंगर कोई और नहीं बल्कि मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवंदा है। हादसे में गंभीर रूप से घायल जवंदा को तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राजवीर जवंदा बद्दी से शिमला की ओर बाइक पर जा रहे थे। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोट लगी है जिससे उनके ब्रेन डेड होने की भी सूचना है। अस्पताल ले जाते समय उनकी हालत उस समय और ज्यादा बिगड़ गई जब रास्ते में उन्हें हार्ट अटैक आ गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति अभी बेहद गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : शिमला के विधायक को शिमला में ही घेर लिया: HPU में बवाल- पुलिस से भिड़ गए छात्र
हादसे की खबर मिलते ही पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल, कुलविंदर बिल्ला और अभिनेता कर्मजीत अनमोल फौरन फोर्टिस अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों की टीम लगातार जवंदा की निगरानी कर रही है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया पर लिखा— “पंजाबी गायक राजवीर जवंदा जी के दुर्घटना में घायल होने की खबर सुनकर गहरा दुःख हुआ। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वाहेगुरु जी उन्हें हिम्मत और शक्ति प्रदान करें।”
यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार ने बदला फैसला: अब ये छात्र ले जा सकेंगे स्कूल में मोबाइल- पूरी डिटेल यहां पढ़ें
राजवीर जवंदा का जन्म वर्ष 1990 में पंजाब के लुधियाना जिले की जगराओं तहसील के पोंना गांव में हुआ था। वे एक सिख जट्ट परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता करम सिंह जवंदा पुलिस अधिकारी रहे हैं और मां परमजीत कौर गृहिणी हैं। बचपन से ही संगीत में गहरी रुचि रखने वाले राजवीर ने स्कूल के दिनों में गुरु लल्ली खान से गायकी सीखी। गुरदास मान के गीतों ने उन्हें खासा प्रभावित किया। कुछ समय तक उन्होंने पंजाब पुलिस में भी सेवाएं दीं, लेकिन बाद में सिंगिंग को ही अपना करियर बना लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के दानवीर दंपत्ति: CM राहत कोष को दे दी 11 करोड़ की संपत्ति
राजवीर ने 2016 में अपना पहला गाना "कली जवंदे दी" रिलीज किया। 2017 में आए गाने "मुकाबला" ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। इसके बाद "पटियाला शाही पग", "केसरी झंडे", "शौकीन", "लैंडलॉर्ड" और "सरनेम" जैसे गानों ने उन्हें पंजाबी संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह दिलाई। 2017 का गाना "कंगणी" (माही शर्मा के साथ) यूट्यूब पर 40 मिलियन से ज्यादा व्यूज के साथ उनके करियर का ब्रेकथ्रू हिट साबित हुआ। लोक वाद्ययंत्रों में रुचि रखने वाले जवंदा तुंबी बजाने में भी माहिर हैं। गायकी के साथ-साथ वे अभिनय, मॉडलिंग और लेखन में भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बेरोजगारों के लिए बड़ी खबर, इस विभाग में 4852 पदों पर शुरू होगी भर्ती
राजवीर जवंदा के प्रशंसक और चाहने वाले उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी फैन्स लगातार उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें डॉक्टरों की टीम पर टिकी हैं, जो लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।