#हादसा
March 5, 2026
हिमाचल ब्रेकिंग : 1 KM पहले ही हो गया था टायर पंक्चर, फिर भी नहीं रुका चालक- हुआ बस हाद.सा
लोगों की चीखों से दहला पूरा इलाका
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से चिड़गांव की ओर जा रही न्यू प्रेम बस हादसे का शिाकर हो गई है। हादसे के वक्त बस सवारियों से भरी हुई थी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होते ही मौके पर चीख-पुकार मत गई।
यह हादसा आज छराबड़ा और कुफरी के बीच पेश आया है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि हादसे के वक्त बस में महिलाओं और बुजुर्गों समेत 20 लोग सवार थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, दुर्घटना से करीब एक किलोमीटर पहले ही बस का पिछला टायर पंचर हो गया था। यात्रियों ने चालक को बस रोकने की सलाह भी दी, लेकिन बताया जा रहा है कि चालक ने बस को धीरे-धीरे आगे बढ़ाते रहने का फैसला किया।
पहाड़ी मार्ग पर संतुलन बिगड़ने के कारण अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई की ओर लुढ़क गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क संकरी है और एक ओर गहरी खाई है। टायर पंचर होने के बावजूद बस को आगे बढ़ाना जोखिम भरा साबित हुआ।
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों को सीटों से झटका लगा तो कुछ को शीशे टूटने से हल्की चोटें आईं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस पूरी तरह गहरी खाई में नहीं गिरी, बल्कि बीच में झाड़ियों में अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत यह रही कि सभी यात्रियों की जान बच गई, हालांकि कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद IGMC शिमला रेफर किया गया है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टायर पंक्चर के बाद भी वाहन चलाते रहने को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। साथ ही बस की तकनीकी जांच भी की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन की हालत कैसी थी।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सतर्कता और तकनीकी जांच की अहमियत को उजागर करता है। यदि समय रहते बस रोक दी जाती, तो शायद यह स्थिति पैदा नहीं होती। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं, जो राहत की बड़ी खबर है।