#हादसा
January 2, 2026
हिमाचल : सुबह-सवेरे राख हुआ मकान, अंदर सो रहा था युवक- चीखों से दहला इलाका
युवक के मां-बाप नहीं थे घर, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी
शेयर करें:

रिकांगपिओ/किन्नौर। नए साल के दूसरे ही दिन हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में सुबह-सवेरे एक परिवार बेघर हो गया। तड़के घर में अचानक आग लग गई। आगजनी की इस घटना में दो मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया है।
घटना के वक्त मकान के अंदर एक युवक सो रहा था। आग इतनी तेजी से फैली ही घर के आग की लपटें देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत ज्यादा फैल चुकी थी और उस पर काबू नहीं हो पा रहा था।
आगजनी की यह घटना किन्नौर जिले की रूपी पंचायत के नालिंग-2 गांव में आज सुबह पेश आई है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया और देखते ही देखते जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 45 मिनट पर बुद्ध राम के मकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि शायद रसोई से धुआं निकल रहा है, लेकिन कुछ ही पलों में आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। लकड़ी से बने हिस्सों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना के समय मकान के निचले हिस्से में बुद्ध राम का बेटा सुभाष गहरी नींद में सो रहा था। अगर कुछ देर और हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। गांव के लोगों ने जब मकान से धुआं उठता देखा, तो बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दरवाजा तोड़ा और किसी तरह सुभाष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक को बाहर निकालते ही सभी ने राहत की सांस ली।
युवक को बचाने के बाद ग्रामीणों ने बाल्टियों और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। कुछ ही देर में मकान का रसोईघर और चारों कमरे पूरी तरह जल गए। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और जरूरी सामान सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक बुद्ध राम बीमारी के चलते उस समय ज्यूरी में थे, जबकि उनकी पत्नी राम कली किसी जरूरी काम से पास के गांव गई हुई थीं। घर में केवल सुभाष ही मौजूद था। जब परिजनों को घटना की सूचना मिली तो वे तुरंत गांव पहुंचे, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह खाक हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों का अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या रसोई से जुड़ी किसी चिंगारी के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत रूपी के प्रधान रामेश्वर नेगी ने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से रिपोर्ट तैयार कर आगे की राहत प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस हादसे के बाद गांव में शोक और संवेदना का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता और राहत प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।