#हादसा

March 1, 2025

हिमाचल: बर्फ का दीदार करने की चाह ने छीन ली डॉक्टर की जिंदगी, दोस्त गंभीर घायल

पुलिस ने जिप्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज

शेयर करें:

himachal news

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चम्बा-सलूणी-लंगेरा मार्ग पर एक जिप्सी के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक डॉक्टर की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। यह हादसा वीरवार को हुआ है। दुर्घटना में मृतक की पहचान डॉ. सुखविंद्र सिंह (36) के रूप में हुई है, जो पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी थे। घायल व्यक्ति की पहचान साहिल पुत्र ब्रह्मस्वरूप के रूप में हुई है।

 बर्फबारी देखने जा रहे थे

दोनों व्यक्ति वीरवार को जिप्सी में सवार होकर चम्बा से लंगेरा बर्फबारी देखने जा रहे थे। लंगेरा पहुंचने पर सुरक्षा चौकी के जवानों ने बर्फबारी के कारण गाड़ी को बैरियर पर रोक लिया और वापस भेज दिया। जब जिप्सी चालक बैरियर के पीछे गाड़ी मोड़ने की कोशिश कर रहा था, तो अचानक गाड़ी बर्फ पर फिसल गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई।

 

यह भी पढ़ें : बिगड़े मौसम के बीच बुरी खबर: टूट गया ग्लेशियर, 57 मजदूर दबे

रास्ते में तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद, लंगेरा के ग्रामीणों और सुरक्षा चौकी के जवानों ने बचाव कार्य शुरू किया। भारी बर्फबारी के बावजूद कड़ी मेहनत के बाद घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद, दोनों को नागरिक अस्पताल किहार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टर ने सुखविंद्र सिंह की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे चम्बा मेडिकल कॉलेज रेफर किया और फिर वहां से उसे टांडा भेजा गया। दुर्भाग्यवश, टांडा पहुंचने से पहले ही सुखविंद्र सिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें : UP से इस काम के लिए हिमाचल भागीं 2 लड़कियां, पुलिस ने खोजकर घर भेजा; तीसरी लापता

जिप्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज

डीएसपी सलूणी, रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने जिप्सी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। तहसीलदार सलूणी, अभिराय ठाकुर ने दुर्घटना में मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख