#हादसा
November 9, 2025
हिमाचल में तेज रफ्तार ने बुझा दिया घर का चिराग, ट्रैक्टर ट्राली से टकराया बाइक सवार युवक
परिवार ने खो दिया जवान बेटा, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों पर पहाड़ तोड़ दिया। थाना हरोली के तहत आने वाले गांव ईसपुर में देर रात हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्राली से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। इस हादसे से एक घर का चिराग बुझ गया, और परिवार गहरे सदमे में है।
घटना शनिवार देर रात की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ईसपुर में प्रवासी समुदाय के कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे, जिसके चलते वहां भीड़ इकट्ठी हो गई थी। उसी दौरान एक ट्रैक्टर.ट्राली वहां आई, जिसे चालक ने सड़क किनारे खड़ा कर दिया और झगड़ा सुलझाने में लग गया। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर उसी खड़ी ट्राली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहित कुमार पुत्र जगतार सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 मकरैड टांडा तहसील बंगाणा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही हरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविंद्र पाल पुत्र वंता राम निवासी ईसपुर के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। रोहित कुमार की मौत से उसके घर में मातम छा गया है। माता.पिता अपने बेटे के जाने से बेसुध हैं।
हिमाचल प्रदेश में इन दिनों सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ओवरस्पीडिंग, सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन और लापरवाह ड्राइविंग इन हादसों के मुख्य कारण बन रहे हैं। हाल ही में राज्य के विभिन्न जिलों में ऐसे कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई युवाओं ने अपनी जान गंवाई है।