#अपराध
November 8, 2025
हिमाचल: 20 साल से सजा काट रहा कैदी पुलिस को चकमा देकर जेल से हुआ फरार, मचा हड़कंप
प्रीमेच्योर रिलीज के लिए लगी हुई थी फाइल
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा देने वाली खबर आई है। आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन की ओपन जेल से एक कैदी फरार हो गया है। 64 वर्षीय कैदी हरीश कुमार हरियाणा के शाहाबाद से ताल्लुक रखता है जो कारागार के खुले परिसर यानी ओपन जेल से फरार हो गया। फरार कैदी कत्ल के जुर्म में 20 साल से सजा काट रहा था। बड़ी बात ये है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि ओपन जेल से कोई कैदी फरार हुआ हो।
जानकारी के मुताबिक कैदी के बेहतर चरित्र को देखते हुए आजीवन कारावास को बंद जेल से खुले में मंदिर पूजा में नियुक्त किया गया था। कैदी 6 महीनों से जेल परिसर के मंदिर में सेवा कर रहा था। वीरवार को शाम की रोल कॉल के वक्त कैदी वहां नहीं था जिससे जेल में हड़कंप मच गया।
जेल परिसर में खोजबीन की गई लेकिन कैदी नहीं मिला जिसके बाद उसे फरार घोषित कर दिया गया। कैदी के फरार होने की सूचना नाहन पुलिस को दे दी गई है। वहीं हैरानी की बात ये भी है कि कैदी की समय से पहले रिहाई की फाइल भी लगी हुई थी व छुट्टी के लिए पैरोल भी मंजूर हो चुकी थी, फिर भी वो फरार हो गया।
आदर्श केंद्रीय कारागार में बेहतर आचरण वाले व जिनकी कैद आधे सा ज्यादा बीत चुकी है, उन कैदियों को खुली जेल में काम करने की इजाजत दी जाती है। हैरान करने वाली बात ये है कि ओपन जेल में काम करने वाले कैदियों में अभी तक कोई भी कैदी फरार नहीं हुआ है।
ये मामला पहला ऐसा मामला है जिसमें अपनी सजा के 20 साल भुगतने के बाद भी कैदी फरार हो गया। नाहन जेल अधीक्षक ने कैदी के फरार होने की पुष्टि की है। जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदी को फरार घोषित कर दिया गया है।