#हादसा
April 26, 2025
हिमाचल : 200 कनाल भूमि पर गेहूं की फसल हुई राख, चंद मिनटों में उजड़ गए कई किसान
बिजली की तार टूटने से दहकी सूखी गेहूं, 200 कनाल में लगी गेहूं चपेट में आई
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में गर्मी का मौसम शुरू होते ही आग की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। अब यह आग किसानों की मेहनत को भी राख करने लगी है। ऐसा ही एक मामला ऊना जिला के हरोली उपमंडल से सामने आया है। यहां बिजली की तारों से निकली चिंगारी ने 200 कनाल भूमि पर गेहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। किसानों की मेहनत चंद मिनटों में ही राख का ढेर बन गई। इस आगजनी में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।
हरोली उपमंडल के पंडोगा गांव में यह आग उस समय लगी, जब लोग अपनी पक चुकी गेहूं की फसल पर कंबाइन चला रहे थे। इसी बीच खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार में शार्ट सर्किट हुआ। तार टूटकर खेत में गिर गया। जिससे पक कर तैयार हो चुकी गेहूं की फसल ने आग पकड़ ली। पक कर तैयार गेहूं में आग इतनी तेजी से फैली की देखते ही देखते उसने 200 कनाल भूमि की गेहूं को अपनी चपेट में ले लिया और चंद मिनटों में ही गेहूं की फसल राख का ढेर बन गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के मॉडर्न चोर: चोरी करने अपने साथ पिकअप लेकर चलते थे, पुलिस ने धरे 3 आरोपी
हालांकि स्थानीय लोगों ने इसी सूचना दमकल विभाग को भी दी और खुद भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन जब तक दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, तब तक कई किसानों की मेहनत राख हो चुकी थी। इस आगजनी में करीब सात लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बाइकर्स गैंग ने दिल्ली बॉर्डर पर HRTC की बस का शीशा तोड़ा, ड्राइवर घायल
इस आगजनी की घटना में पंडोगा के किसानों में अशोक कुमार, किशन दास, विनोद कुमार, अमृत पाल, सोहन लाल, चरण दास, प्रकाश, बलवीर, मोहन लाल, सवित्री देवी, राकेश कुमार आदि ने बताया कि उन्हें इस घटना में काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
बता दें कि मैदानी क्षेत्रों में कई किसानों की आमदनी का साधन फसलें ही होती हैं। इन फसलों से निकलने वाले अनाज को बेच कर उनका घर चलता है। वहीं गेहूं से निकलने वाली तूड़ी पशुओं के चारे के लिए प्रयोग में लाई जाती है। लेकिन अब किसानों को अपने अनाज के साथ साथ पशुओं के चारे की चिंता भी सताने लगी है।
वहीं इस मामले में फायर स्टेशन अधिकारी ऊना अशोक ठाकुर ने कहा कि आग लगने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें सबसे अधिक पंडोगा में करीब 200 कनाल भूमि पर गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। इसके अलावा तीन जगह और भी आग से फसल को नुकसान हुआ है। सभी मामलों की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।