#हादसा
May 13, 2026
हिमाचल : तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौ*त- दो युवकों की हालत नाजुक
सड़क के किनारे नाले में गिरे दोनों वाहन
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिल ऊना में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां पर एक तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। स्कूटी सवार एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के मुबारिकपुर-तलवाड़ा मुख्य मार्ग नकड़ोह गांव के पास शनिवार शाम करीब 5 बजे हुआ है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग अपनी स्कूटी पर मुबारिकपुर की ओर से आ रहे थे। बताया जा रहा है कि वह रोजमर्रा के काम से निकले थे और अपनी रफ्तार मे चल रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में एक बाइक आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही मुलख राज ने अपनी स्कूटी को मुख्य सड़क से सत्संग रोड की तरफ मोड़ा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी खतरनाक थी कि स्कूटी सड़क पर कई मीटर तक घिसटती चली गई। बाइक भी बेकाबू होकर स्कूटी के साथ घिसटती रही और आखिर में दोनों वाहन सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे। हादसे के दौरान सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों ने देखा कि स्कूटी सवार बुजुर्ग गंभीर हालत में सड़क पर पड़े हुए थे। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाते उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं बाइक सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और दर्द से तड़प रहे थे।
मुलख राज उम्र 70 साल, पुत्र तेजा राम, निवासी कुनेरन के रूप में हुई है। घायल युवकों की पहचान इंतजार (25) और अमजद (25) पुत्र उस्मान निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाया और उन्हें उपचार के लिए अंब अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना मुख्य वजह लग रही है।