#हादसा
August 2, 2026
हिमाचल : सड़क से बैलेंस खोकर सतलुज नदी में जा समाई कार, 3 युवकों ने तोड़ा दम
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, इलाके में पसरा मातम
शेयर करें:

रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह किन्नौर जिले के टापरी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। अनियंत्रित होकर कार गहरी खाई में गिरते हुए सीधे उफनती सतलुज नदी में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद वाहन और तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह टापरी के पास NH-5 पर एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने के बाद सतलुज नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। उफनती सतलुज नदी, गहरी खाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव कार्य आसान नहीं था। करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद भारी क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार और तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया।
फिलहाल दुर्घटना किस कारण हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हादसे के सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।
SP किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। इस हादसे के बाद तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।