#हादसा
June 16, 2025
हिमाचल: गलत दिशा में मोड़ काटते टैंपो से टकराया स्कूटी सवार युवक, एक घर का बुझ गया चिराग
गलत दिशा में मोड़ काटते टैंपो से टकराया था स्कूटी सवार युवक
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर हादसों का बढ़ता ग्राफ चिंता का विषय बनता जा रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा हिमाचल के सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में हुआ है। नालागढ़ के अंतर्गत मगनपुरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया।
यह हादसा स्कूटी सवार की गलती के चलते पेश आया बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब स्कूटी सवार ने सड़क पर अचानक गलत दिशा में मोड़ काट दिया। जिससे सामने से आ रहे एक टैंपो से उसकी सीधी टक्कर हो गई। जिससे युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में खड़गे से मिले विनय कुमार, मिलेगी हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी ?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह घटना इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप के समीप घटित हुई। टैम्पो चालक राजेश कुमार, जो इस हादसे का प्रत्यक्षदर्शी भी है ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि स्कूटी सवार युवक ने अचानक नियमों की अनदेखी करते हुए गाड़ी को विपरीत दिशा में मोड़ा, जिससे वह टैम्पो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ब्रेन ट्यूमर ने छीनी आंखों की रोशनी, इतिका ने नहीं मानी हार- PhD डिग्री की हासिल
मृतक युवक की पहचान जसवंत निवासी रोपड़ पंजाब के रूप में की गई है। हादसे की सूचना मिलते ही नालागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भिजवाया। वहीं, टैम्पो चालक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा स्कूटी सवार की लापरवाही का नतीजा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के उपाय सख्ती से लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।