#हादसा
June 27, 2025
हिमाचल : युवक की कमाई से चलता था घर, तीसरी मंजिल से नीचे गिरा और थम गई सांसें
अस्पताल पहुंचने से पहले ही त्याग दिए प्राण
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आ रहे हादसों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र मानपुरा का है। जहां एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब युवक अपने किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर मौजूद था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान असलम अली के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रुद्रपुर गांव का निवासी था। असलम अली रोजगार की तलाश में हिमाचल आया था और मानपुरा के असलम खेड़ा इलाके में एक किराए के मकान में रह रहा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 20 साल की कॉलेज छात्रा स्वर्ग सिधारी, पिता की लाडली थी बेटी; गम में डूबे परिजन
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मनूणी खड्ड ने उगली एक और मजदूर की देह, अब तक 6 की हुई बरामदगी- अन्य की तलाश जारी
इस दुर्घटना ने असलम अली के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और वे आर्थिक संकट से भी जूझ रहे हैं। घर पर मां.बाप और छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं।
यह भी पढ़ें : एक्शन मोड में आए CM सुक्खू- बारिश से मची तबाही पर बुलाई समीक्षा बैठक, दिए बड़े निर्देश
प्रदेश में बढ़ते इस तरह के हादसे न केवल प्रशासन के लिए बल्कि आम नागरिकों के लिए भी चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। काम के सिलसिले में दूसरे राज्यों से आए प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जरूरी है कि किराए के मकानों में सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता किया जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।