#हादसा
September 20, 2025
हिमाचल: 10वीं का छात्र समेज खड्ड में डूबा, स्कूल में वॉलीबॉल खेलते पैर फिसलने से गिरा
छात्र अंडर.19 वॉलीबॉल ट्रायल की कर रहा था तैयारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में एक 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। छात्र अंडर.19 वॉलीबॉल ट्रायल की तैयारी कर रहा था। छात्र की मौत समेज खड्ड में बहने से हुई। मृतक छात्र की पहचान 16 वर्षीय अंकुश निवासी कलंगी तहसील आनी के रूप में हुई है। वह पिछले वर्ष से अपने नाना के घर सुगा में रह रहा था और समेज स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।
शनिवार सुबह स्कूल परिसर में अंडर-19 वॉलीबॉल ट्रायल की तैयारी चल रही थी। अंकुश भी अपने अन्य साथियों के साथ मैदान में अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान बॉल खेल के दौरान मैदान से बाहर निकलकर पास बह रही समेज खड्ड की ओर चली गई। अंकुश बॉल लाने खड्ड किनारे गया, लेकिन जैसे ही वह किनारे पर पहुंचा, उसका पैर फिसल गया और वह सीधे खड्ड के तेज बहाव में जा गिरा।
अंकुश को बहते देख उसके साथियों ने शोर मचाया और तुरंत शिक्षकों को बुलाया। अध्यापकों और स्थानीय लोगों ने मिलकर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। करीब 800 मीटर दूर एक चट्टान में फंसे अंकुश को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मक्की का गट्ठा उठाते ही 'काल' ने मारा झपटा, 36 वर्षीय महिला की चली गई जा*न
अंकुश की असामयिक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। हिमाचल ने अपना होनहार खिलाड़ी खो दिया और एक परिवार ने अपना लाडला बेटा। यह शब्द हर किसी की जुबां पर हैं। क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने इस दर्दनाक हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से समेज खड्ड के किनारे सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। ग्राम पंचायत प्रधान मोहन लाल कपाटिया ने बताया कि इस खड्ड में पहले भी कई जानें जा चुकी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष इसी खड्ड में बाढ़ आने से 36 लोगों की मौत हुई थी। अब फिर एक मासूम की जान जाने से पुराना दर्द ताजा हो गया है।
डीएसपी चंद्रशेखर ने मौके पर पहुंचकर घटना की पुष्टि की और बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंकुश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल रामपुर भेजा गया है। इस हादसे ने क्षेत्र के अभिभावकों और शिक्षकों को भी झकझोर दिया है। स्थानीय निवासियों ने बच्चों से अपील की है कि वे खेलकूद के दौरान खतरनाक स्थानों से दूरी बनाए रखें। स्कूल प्रशासन ने भी बच्चों को भविष्य में अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।