#हादसा

June 27, 2025

हिमाचल : चालक का एक निर्णय और बच गई कई जिंदगियां, बस की फेल हो गई थी ब्रेक

यात्रियों से भरी बस दीवार से टकराई, कुछ यात्रियों को आई चोटें

शेयर करें:

Shimla Private Bus

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन की दस्तक के साथ ही सड़क हादसों का ग्राफ भी बढ़ने लगा है। प्रदेश में आए दिन सड़क हादसों की खबरें रिपोर्ट की जा रही हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल की राजधानी शिमला में आज शुक्रवार शाम को सामने आया है। यहां एक निजी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। 

निजी बस की फेल हुई थी ब्रेक

बताया जा रहा है कि राजधानी शिमला में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक निजी बस के ब्रेक फेल हो जाने के बावजूद चालक की सूझबूझ से दर्जनों लोगों की जान बच गई। यह हादसा शहर के व्यस्ततम क्षेत्र लिफ्ट के पास उस समय हुआ, जब बस ढलान पर उतर रही थी और अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : बरसात से निपटने को विक्रमादित्य का विभाग तैयार, बाढ़ में पुल टूटा तो 15 दिन में बनेगा नया बैली ब्रिज

चालक ने दीवार से टकरा दी बस

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत निर्णय लिया और बस को सड़क किनारे बनी दीवार की ओर मोड़ दिया। बस दीवार से टकरा कर रुक गई, जिससे गाड़ी खाई में गिरने से बच गई। हालांकि, टक्कर की वजह से बस में सवार तीन यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उपचार के लिए रिपन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

क्या बोले एसपी शिमला

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि यदि चालक ने तत्परता से निर्णय नहीं लिया होता, तो यह हादसा भयावह रूप ले सकता था। सड़क संकरी होने और नीचे गहरी खाई होने के कारण बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल का एक और जवान शहीद: एक महीने पहले ही आया था छुट्टी, पत्नी के सहारे छोड़ गया 2 बच्चे

चालक के निर्णय ने बचाई कई जिदंगियां

हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे जिनमें से अधिकतर लोग कामकाज या बाजार की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही बस की ब्रेक ने काम करना बंद किया, एक जोरदार आवाज के साथ चालक ने बस को नियंत्रित करते हुए दीवार की ओर मोड़ दिया। यह निर्णय कुछ ही सेकंडों में लिया गया और वही क्षण यात्रियों की जिंदगी के लिए निर्णायक साबित हुआ।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पानी का सैलाब देख जंगल की ओर भागा लवली, बताया कैसे पल भर में तबाह हुआ सब कुछ

 

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को कुछ देर के लिए रोका और क्रेन की सहायता से बस को सड़क से हटाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर बस की तकनीकी जांच शुरू कर दी है, ताकि ब्रेक फेल होने के कारणों का पता लगाया जा सके।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख