#हादसा
May 1, 2025
हिमाचल: बेसहारा पशुओं से जान बचाने को सड़क की ओर भागा शख्स, कार ने उड़ाया
शिमला के कोटखाई में हुआ हादसा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई हादसे तो सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के चलते भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां एक पैदल जा रहा एक शख्स आवारा पशु से बचने के लिए सड़क की तरफ भागा और गाड़ी की चपेट में आ गया। वाहन की टक्कर से शख्स बुरी तरह से घायल हुआ है।
दरअसल यह मामला शिमला जिला के कोटखाई पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस को सौंपी शिकायत में वीरेंद्र ठाकुर पुत्र हरि शंकर ठाकुर निवासी हसनपुर खारुआ जिला पूर्वी चंपारण बिहार ने बताया कि वह सुरेश चौहान पुत्र स्व भगत राम निवासी गांव जौनी कोटखाई शिमला के पास काम करता है। शाम को करीब पांच बजे वह सेब के बगीचे में जा रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पुल पार करते वक्त अचानक बढ़ा जलस्तर, 2 युवक डूबे- एक मिला, दूसरा लापता
वीरेंद्र ने बताया कि जब वह पैदल सड़क पर जा रहा था, तभी सामने से अचानक बेसहारा पशु आपस में लड़ने लगे। इन पशुओं को सुरेश चौहान ने गाड़ी में बैठे बैठे ही भगाया तो वह उसकी और दौड़ते हुए आए, जिनसे बचने के लिए वह सड़क की तरफ भागा तो सुरेश चौहान की गाड़ी की चपेट में आ गया। वाहन की टक्कर से वह सड़क पर गिर गया और बुरी तरह से घायल हो गया।
इस हादसे में वीरेंद्र के हाथ पैर, पीठ और रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वीरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने सुरेश चौहान के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सुरेश चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 125(ए) के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है, जब आवारा पशुओं के चलते कोई सड़क हादसा हुआ है। इससे पहले भी कई लोग अचानक सड़क पर पशुओं के आने से या बेसहारा पशुओं को बचाने के चलते हादसे का शिकार हो चुके हैं। जिसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। प्रदेश की सड़कों पर बढ़ते यह बेसहारा पशु लोगों के साथ साथ सरकार की चिंता का भी कारण बने हुए हैं।