#हादसा

February 2, 2026

हिमाचल: रविदास जयंती पर झंडा रस्म निभाते 20 वर्षीय युवक को लगा करंट, परिवार ने खोया जवान बेटा

झंडा चढ़ाने की रस्म के लिए इमारत पर चढ़े 

शेयर करें:

Guru Ravidas Jayanti

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से दुखद घटना सामने आई है। यहां पर गुरु रविदास जयंती के मौके पर जहां हर तरफ खुशी और श्रद्धा का माहौल था। वहीं एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान हुए इस हादसे में एक 20 वर्षीय युवक की जान चली गई, जिससे त्योहार की सारी खुशियां पल भर में गम में बदल गईं।

जयंती के अवसर पर ढोल-नगाड़ों का माहौल

जानकारी के अनुसार, घटना जिला सोलन के मानपुरा पंचायत के वार्ड नंबर 8 में घटित हुई है। जब बीते कल बड़ी संख्या में लोग गुरु रविदास जयंती की शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक रस्में निभा रहे थे। ढोल-नगाड़ों की आवाज, जयकारे और श्रद्धा का माहौल पूरे क्षेत्र में बना हुआ था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में 8 फरवरी को होगा कुछ बड़ा? सीएम सुक्खू की कैबिनेट बैठक पर टिकी नजरें!

झंडा चढ़ाने की रस्म के लिए इमारत पर चढ़े 

इसी दौरान स्थानीय निवासी रामलाल का बेटा भी पूरे उत्साह और आस्था के साथ शोभायात्रा में भाग ले रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान जब युवक झंडा चढ़ाने की रस्म निभा रहा था, तभी अचानक झंडे का संपर्क पास की एक इमारत पर लगी बिजली की सजावटी लड़ियों से हो गया।

सजावटी लड़ियों से लगा करंट 

किसी को अंदाजा भी नहीं था कि इन सजावटी लाइटों में करंट दौड़ रहा है। जैसे ही झंडा लाइटों के संपर्क में आया, बिजली का तेज करंट झंडे के जरिए अजय के शरीर में फैल गया। करंट लगते ही अजय जोरदार झटके के साथ जमीन पर गिर पड़ा। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: समय पर पंचायत चुनाव करवाने पर संशय, आयोग के निर्देश नहीं मान रही अफसरशाही !

तुरंत अस्पताल पहुंचाया युवक 

मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर दौड़ने लगे और तुरंत युवक को संभालने की कोशिश की गई। परिजन और स्थानीय लोग बिना देर किए उसे नालागढ़ के अस्पताल लेकर पहुंचे। 

नहीं बच पाया युवक 

हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस जगह कुछ देर पहले भजन, कीर्तन और खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। युवक की पहचान अजय कुमार उम्र 20 साल के रुप में हुई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में होने जा रही है बंपर भर्ती, 300 के करीब युवाओं को मिलेगी नौकरी; जानें डिटेल

पुलिस कर रही मामले की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

क्या बोले ASP ? 

ASP अशोक वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि बिजली की सजावटी लाइटों में करंट कैसे आ गया और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख